Bihar Politics: तेजस्वी के कंधे पर बंधुक चलाकर जदयू ने दिया बीजेपी ये सख्त संदेश, क्या गठबंधन में चौड़ी हो रही है खाई? पढ़िए पूरी रिपोर्ट

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में तो जन्मदिन भी राजनीतिक समीकरण साधने का जरिया बन जाता है।...

JDU Tejashwi Birthday Wish A Political Message to BJP
तेजस्वी के जन्मदिन पर JDU ने BJP को दिया सियासी संदेश!- फोटो : X

Bihar Politics: सियासत में हर मुस्कान के पीछे कोई मकसद और हर बधाई के पीछे कोई न कोई सियासी पैगाम छिपा होता है। खासकर बिहार की राजनीति में तो जन्मदिन भी राजनीतिक समीकरण साधने का जरिया बन जाता है। इस बार 9 नवंबर को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के 37वें जन्मदिन पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दिलचस्प बात यह रही कि तेजस्वी को बधाई देने में आरजेडी से ज्यादा जेडीयू के नेताओं ने गर्मजोशी दिखाई। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और निशांत कुमार तक ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं।

सियासी गलियारों में इन बधाइयों को महज औपचारिकता नहीं, बल्कि बीजेपी के लिए एक राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। संदेश साफ था कि जेडीयू के पास विकल्पों की गुंजाइश खत्म नहीं हुई है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि बिहार में तत्काल सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है, लेकिन एनडीए के भीतर सबकुछ ठीक है, ऐसा दावा करना भी मुश्किल है।

एमएलसी चुनाव से पुल के उद्घाटन तक बढ़ी तल्खी

दरअसल, बिहार की आठ एमएलसी सीटों के चुनाव के दौरान एनडीए के भीतर आपसी तालमेल की कमी खुलकर सामने आई। सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर जेडीयू को चुनौती देने वाले उम्मीदवारों को बीजेपी की तरफ से तवज्जो मिलने से दोनों दलों के रिश्तों में खटास बढ़ी। इसी बीच बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का बिहार म्यूजियम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकास भी, विरासत भी' विजन का नतीजा बताना भी जेडीयू को नागवार गुजर सकता है। इसके बाद 21 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे और वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल के उद्घाटन को लेकर भी सियासी चर्चा तेज हुई। जेडीयू की मंशा थी कि नीतीश कुमार इस परियोजना का उद्घाटन करें, क्योंकि इसकी परिकल्पना और निर्माण की दिशा में उनकी अहम भूमिका रही है। लेकिन उद्घाटन का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को मिलने से जेडीयू की नाराजगी बढ़ने की अटकलें लगीं।

धर्मेंद्र प्रधान की मुलाकात, क्या दूर होगी गठबंधन की खाई?

बढ़ती तल्खी के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पटना पहुंचना और नीतीश कुमार से मुलाकात करना अहम माना गया। इसे बीजेपी और जेडीयू के बीच रिश्तों की मरम्मत की कोशिश के तौर पर देखा गया।

जेडीयू को चाहिए मजबूत नेतृत्व, क्या निशांत हैं विकल्प?

सबसे बड़ा सवाल जेडीयू के नेतृत्व को लेकर है। पार्टी में संजय झा की भूमिका भले मजबूत हुई हो, लेकिन नीतीश कुमार जैसा जनाधार और राजनीतिक पकड़ वाला नेतृत्व फिलहाल नजर नहीं आता। जेडीयू को बीजेपी के सामने अपनी राजनीतिक हैसियत कायम रखने के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत है।

ऐसे में निशांत कुमार को आगे लाने और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा अहम हो जाती है। क्या निशांत को डिप्टी सीएम की कुर्सी देने से जेडीयू को नई ताकत मिल सकती है? यह संभव है कि इससे पार्टी में नई ऊर्जा आए, लेकिन केवल पद देने से नीतीश कुमार जैसा नेतृत्व तैयार नहीं होगा। इसके लिए संगठन, जनता के बीच स्वीकार्यता और राजनीतिक फैसले लेने की क्षमता भी जरूरी होगी। आखिरकार सवाल यही है कि क्या जेडीयू अपनी सियासी जमीन बचाने के लिए निशांत कुमार को नया चेहरा बनाएगी या नीतीश कुमार खुद एक बार फिर पार्टी की कमान मजबूती से संभालेंगे? बिहार की सियासत में आने वाले दिनों में इसका जवाब बेहद दिलचस्प होगा।

रिपोर्ट- देवांशु प्रभात