बिहार MLC चुनाव: जेडीयू ने चार सीटों पर उम्मीदवारों का किया ऐलान, नीरज कुमार को पटना स्नातक से टिकट

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

 Bihar MLC Election
Bihar MLC Election- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से  जारी अधिसूचना में चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। जेडीयू ने पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में सभी चार उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट किए गए हैं।


जेडीयू ने किसे कहां से टिकट

जेडीयू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार उम्मीदवार होंगे। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा को प्रत्याशी बनाया गया है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर को टिकट दिया गया है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय जेडीयू के उम्मीदवार होंगे।


पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना में कहा गया है कि ये चारों उम्मीदवार बिहार विधान परिषद के संबंधित स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में जेडीयू की ओर से प्रत्याशी होंगे।

8 सीटों पर विधान परिषद चुनाव


बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होना है। चुनाव के लिए औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर तय की गई है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।