Bihar news:आय से अधिक संपत्ति के मामले में गोपालगंज के ADM और SDO निलंबित, प्रशासनिक हलकों में हड़कंप

आय से अधिक संपत्ति के मामले में गोपालगंज के ADM और SDO निलंबित, प्रशासनिक हलकों में हड़कंप

ADM और SDO निलंबित,
गोपालगंज के ADM और SDO निलंबित, - फोटो : Social media

Bihar news:गोपालगंज में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) की छापेमारी और शुरुआती जांच के बाद गोपालगंज के एडीएम राजेश्वरी पांडेय और सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस सख्त कदम से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और महकमे के भीतर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुछ वक़्त पहले विशेष निगरानी इकाई की टीमों ने दोनों अधिकारियों के ठिकानों पर दबिश दी थी। जांच पड़ताल के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एडीएम राजेश्वरी पांडेय के नाम पर 35 बैंक खाते मौजूद हैं। इसके अलावा उनके द्वारा 12 प्लॉट खरीदे जाने की बात भी सामने आई है, जिससे उनकी वैध आमदनी और संचित संपत्ति के बीच बड़े फ़र्क का अंदाज़ा लगाया जा रहा है। जांच एजेंसी ने इन दस्तावेज़ों और लेन-देन के ब्योरे को गंभीरता से लेते हुए आगे की तफ्तीश तेज कर दी।

विशेष निगरानी इकाई की रिपोर्ट और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर सरकार ने दोनों अफसरों के खिलाफ निलंबन का फ़ैसला लिया। सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह के मामले में भी छापेमारी के बाद मिली जानकारियों और जांच के दायरे को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। प्रशासनिक स्तर पर हुई इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार पर लगाम कसने की दिशा में अहम क़दम माना जा रहा है, क्योंकि बड़े ओहदों पर बैठे अधिकारियों के खिलाफ ऐसी सख़्त कार्यवाही से सिस्टम में कड़ा संदेश जाता है।

फ़िलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले वक़्त में संपत्ति, निवेश तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े और भी पहलुओं की पड़ताल की जा सकती है। जांच एजेंसियों द्वारा जुटाए गए सबूतों और दस्तावेज़ों के आधार पर आगे की क़ानूनी व विभागीय कार्रवाई तय होगी। तब तक निलंबन के आदेश के साथ ही मामले से जुड़ी हर हलचल पर प्रशासन और आम लोगों की नज़रें टिकी हुई हैं।

Report-Ranjit