गौरव राय की पहल से प्रेरित होकर पिता की पुण्यतिथि पर बेटे ने पेश की मिसाल, किया नेक काम
गौरव राय ने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में अब दूसरे लोग भी स्वतः आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके किसी भी अभियान में लोगों का सहयोग मिल रहा है
Bihar News : जरूरतमंदों की सेवा के जरिए अपने परिजनों को याद करने की एक अच्छी पहल अब दूसरे लोगों को भी प्रेरित कर रही है। पटना के ‘ऑक्सीजन मैन’ गौरव राय के इस अभियान से प्रभावित होकर एक बेटे ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर जरूरतमंद महिला को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन भेंट की। गौरव राय के बिघ्रहपुर स्थित कार्यालय में बुधवार, 11 नवंबर को मुजफ्फरपुर की ऋद्धि देवी को सिलाई मशीन सौंपी गई।
यह सिलाई मशीन स्वर्गीय रामविलास ओझा की पुण्यतिथि पर उनके पुत्र डॉ. पूर्णेंदु ओझा की ओर से दी गई। डॉ. ओझा ने अपने पिता की स्मृति में जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह सहयोग किया। इससे पहले भी वह अपने माता-पिता की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सामान उपलब्ध कराते रहे हैं।
डॉ. पूर्णेंदु ओझा ने गौरव राय के इस अभियान की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए वह आगे भी हमेशा खड़े रहेंगे। वहीं, सिलाई मशीन मिलने पर ऋद्धि देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक सिलाई मशीन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बेहद अहम सहारा है।
बिना एनजीओ के लोगों के सहयोग से चल रहा अभियान
गौरव राय ने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में अब दूसरे लोग भी स्वतः आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके किसी भी अभियान में लोगों का सहयोग मिल रहा है और बिना किसी एनजीओ के भी सामूहिक प्रयास से अच्छे काम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऋद्धि देवी के नाम की अनुशंसा भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया ने की थी। गौरव राय के अनुसार, इस अभियान में शामिल कई लोग एक-दूसरे से व्यक्तिगत रूप से परिचित भी नहीं हैं, लेकिन सभी का उद्देश्य एक है—अपने आसपास के जरूरतमंदों की पहचान कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना।
अब तक 352 सिलाई मशीनों का वितरण
गौरव राय के मुताबिक, पूरे बिहार में अब तक 352 जरूरतमंदों को सिलाई मशीनें और 330 लोगों को साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। इसके अलावा करीब 152 स्कूलों और कॉलेजों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें निःशुल्क लगवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि सिलाई मशीन वितरण के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और आने वाले दिनों में इसका दायरा और बढ़ाने की योजना है।
गौरव राय ने आने वाले दिनों में पटना में करीब 25 सिलाई मशीनों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के इस अभियान में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति के जाने के बाद उसे याद करने का एक सार्थक तरीका यह भी है कि उसकी पुण्यतिथि पर किसी जरूरतमंद की मदद की जाए। इससे दिवंगत परिजनों की स्मृति भी जीवित रहती है और किसी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर भी मिलता है।