Bihar News : पूर्व मंत्री संतोष सुमन ने तेजस्वी पर किया बड़ा हमला, कहा- सम्राट चौधरी के खौफ में महागठबंधन, 'जंगलराज' के युवराज हो जाएंगे विलुप्त

Bihar News : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संतोष सुमन ने तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया है. कहा की महागठबंधन सम्राट चौधरी के खौफ में है......पढ़िए आगे

Bihar News : पूर्व मंत्री संतोष सुमन ने तेजस्वी पर किया बड़ा
तेजस्वी पर हमला - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आज तेजस्वी यादव और सम्पूर्ण महागठबंधन में सम्राट चौधरी का खौफ साफ दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि वे लगातार अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि एनडीए के सम्राट के सामने जंगलराज के युवराज राजनीतिक रूप से विलुप्त हो जाएंगे।

डॉ. सुमन ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिहार “जंगलराज” का पर्याय बन गया था, वे आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, यह हास्यास्पद है। लालू-राबड़ी राज में अपहरण, हत्या, लूट और अराजकता चरम पर थी, जबकि आज एनडीए सरकार के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण अपराधियों में भय का माहौल है और आम जनता खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है। डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव को बयान देने से पहले अपने परिवार के शासनकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। बिहार की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जनता अब विकास और सुशासन के साथ खड़ी है, न कि जंगलराज की ओर लौटना चाहती है।

अंत में उन्होंने कहा कि विपक्ष को नकारात्मक राजनीति छोड़कर राज्य के विकास में सहयोग करना चाहिए, लेकिन महागठबंधन के नेता केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।