जदयू कार्यालय में अचानक पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जनसुनवाई का लिया जायजा, बड़ा निर्देश
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद अब सक्रिय रूप से पार्टी की गतिविधियों में अपनी भूमिका अदा करनी शुरू की है. इसी क्रम में वे अचानक से जदयू ऑफिस आये.
Nitish Kumar : पटना में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अचानक जनता दल (यू) के पार्टी कार्यालय पहुंच गए। उस समय उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और मंत्री शीला मंडल जनसुनवाई कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया और देखा कि कार्यकर्ता तथा अधिकारी लोगों की समस्याएं कैसे सुन रहे हैं। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि काम ठीक तरीके से करें और जनसुनवाई को प्रभावी ढंग से संचालित करें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विजय चौधरी से कहा कि यहां भी व्यवस्था बेहतर ढंग से की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई काम किए हैं और सब कुछ व्यवस्थित दिख रहा है। इस पर विजय चौधरी ने जवाब दिया कि 21 जून को यहां बड़ी बैठक प्रस्तावित है और उसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
विजय चौधरी का विपक्ष पर हमला
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूरे होने पर कहा कि अगर विपक्ष इसी सोच में रहा तो अगले 12 साल भी प्रधानमंत्री देश का नेतृत्व करते रहेंगे। राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में कथित कटौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि गृह विभाग में सुरक्षा के लिए निर्धारित मानक हैं। उन्हीं मानकों के आधार पर किसी की सुरक्षा बढ़ाई या घटाई जाती है। उन्होंने इस मामले में व्यक्तिगत टिप्पणी करने से इनकार किया।
शीला मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार के यहां आने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है। मंत्री शीला मंडल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समय-समय पर पार्टी कार्यालय आते रहते हैं और कार्यकर्ताओं व नेताओं से मुलाकात करते हैं। इससे संगठन में उत्साह का माहौल बनता है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष अपने मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाता है, लेकिन बिहार की जनता उन्हें पहले ही नकार चुकी है।
अभिजीत की रिपोर्ट