पटना के दियारा में बाढ़ का कहर: पानी में डूबने से महिला की दर्दनाक मौत, मासूम बच्चे को ग्रामीणों ने बचाया
पटना के दियारा इलाके में शनिवार को बाढ़ का भीषण कहर देखने को मिला। यहां बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहने से 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से उसके मासूम बच्चे को बचा लिया गया....
Patna : जिले के दानापुर स्थित शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके के हवसपुर गांव में शनिवार को बाढ़ का भीषण कहर देखने को मिला। यहां बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बहने से 35 वर्षीय संगीता देवी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब महिला अपने मासूम बेटे के साथ घर लौटने के लिए निकल रही थी। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पानी में डूब रहे बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन महिला तेज धार की चपेट में आ गई।
दादी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने मायके आई थी मृतका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी बंटी यादव की पत्नी संगीता देवी अपने मायके हवसपुर गांव में अपनी दादी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने आई थीं। शनिवार को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अपने बेटे के साथ वापस घर जाने के लिए नाव पकड़ने जा रही थीं। रास्ते में घुटने भर बाढ़ के पानी को पार करने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रशासनिक लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने खुद निकाला शव
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मुस्कान कुमार यादव ने अंचल व अनुमंडल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना की तुरंत सूचना दिए जाने के बावजूद न तो एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी आया। आखिरकार ग्रामीणों ने खुद ही काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को पानी से बाहर निकाला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
मंत्री रामकृपाल यादव और सांसद डॉ. मीसा भारती ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद मंत्री रामकृपाल यादव और सांसद डॉ. मीसा भारती ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। दोनों नेताओं ने मृतका संगीता देवी तथा मानस में डूबकर जान गंवाने वाले रवि शेखर के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक-संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।
पीड़ित परिवार को बांटी गई सहायता राशि, कई जन प्रतिनिधि रहे मौजूद
दौरे के दौरान नेताओं ने हाल ही में जंगली सूअर के काटने से मृत हुई एक बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें सहायता राशि के रूप में 20,000 रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान भाजपा नेता रंजीत कुमार यादव, विजेंद्र कुमार, राजद नेता केडी यादव और पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
सुमित की रिपोर्ट