फतुहा डकैती कांड का भंडाफोड़, लोडेड कट्टा और कारतूस के साथ एक गिरफ्तार, बड़ा खुलासा
फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि डकैती की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच उपरांत इसमें सफलता पाई है.
Bihar News: पटना जिले के फतुहा के न्यू कोपरेटिव कॉलोनी में बीते 4 मई को अशोक कुमार के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरगापर निवासी रॉकी कुमार, पिता मुथरा प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
फतुहाँ एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने शनिवार को बताया कि डकैती की घटना के बाद दर्ज कांड संख्या 270/26 के अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रॉकी कुमार गोखुलपुर हॉल्ट से जफराबाद रोड की ओर आने वाला है। इसी आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुए।
एसडीपीओ ने बताया कि रॉकी कुमार का पहले से भी कई आपराधिक इतिहास रहा है। वह फतुहाँ थाना कांड संख्या 128/24 (हत्या), खाजेकला थाना कांड संख्या 430/25 और फतुहाँ थाना कांड संख्या 204/26 में भी आरोपी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कुमार रौशन, एसआई चंदन कुमार, बिकाश कुमार, शुभम कुमार, नितीश कुमार गौतम, एएसआई नन्द किशोर पाण्डेय और कौशल किशोर शामिल थे। एसडीपीओ ने कहा कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल उसके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रजनीश की रिपोर्ट