Bihar political Holi 2026:सियासत में फागुन का धमाल! मुकेश सहनी कार्यकर्ताओं संग हुए रंगों से सराबोर

Bihar political Holi 2026: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सुपौल-बिरौल स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली।

मुकेश सहनी हुए रंगों से सराबोर
मुकेश सहनी हुए रंगों से सराबोर- फोटो : reporter

Bihar political Holi 2026:फागुन की मस्ती और रंगों की रवानी के बीच बिहार की सियासत भी होली के जश्न में डूबी नजर आई। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सुपौल-बिरौल स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली। ढोल की थाप, अबीर-गुलाल की उड़ान और “होली है!” के नारों के बीच पूरा माहौल रंगीन और खुशनुमा हो उठा।

समारोह में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की खासी भीड़ जुटी। हर कोई रंगों में सराबोर नजर आया। गुलाल की बौछार के बीच गले मिलना, मुबारकबाद देना और मिठाइयों की मिठास ने फिज़ा में अपनत्व घोल दिया। सहनी ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं पर रंग डाला और उनके साथ ठहाके लगाए।

इस मौके पर मुकेश सहनी ने बिहारवासियों को रंगों के इस पावन पर्व की दिली शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का पैगाम है। यह पर्व नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रगति की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि जैसे होली के रंग एक-दूसरे में घुल-मिलकर नई छटा बिखेरते हैं, वैसे ही समाज में विविधता के बावजूद एकता हमारी असली पहचान है। हम सबको मिलजुलकर इस त्योहार को प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास के साथ मनाना चाहिए।

फागुन की इस रंगीन शाम ने यह संदेश दिया कि सियासत के मंच से परे भी रिश्तों की गर्माहट और मानवीय जुड़ाव सबसे अहम है। रंगों की उड़ान के साथ यह उम्मीद भी जताई गई कि यह होली बिहार के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि के अनगिनत रंग भर दे। 

रिपोर्ट- देवांशु प्रभात