सम्राट के बाद अब विजय सिन्हा की बारी: बंगाल के 'चंद्रकोणा' में आखिर क्या करने जा रहे हैं बिहार के डिप्टी सीएम?
बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा 10 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। वे मेदिनीपुर और हुगली जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और राज्य अतिथि के रूप में कोलकाता में प्रवास करेंगे।
Patna - बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा कल, 10 मार्च 2026 को पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे । सम्राट चौधरी की सक्रियता के बाद अब विजय सिन्हा को बंगाल के सियासी रण में उतारा गया है । निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 09:55 बजे पटना एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट (6E-663) द्वारा प्रस्थान करेंगे और 11:05 बजे कोलकाता पहुँचेंगे । इस दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है।
डिप्टी सीएम का यह दौरा विशेष रूप से हुगली और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों पर केंद्रित है । कोलकाता पहुँचने के बाद वे दोपहर में हेलीकॉप्टर से IIT खड़गपुर के हेलीपैड पर उतरेंगे और वहां से सीधे हुगली जिले के आरामबाग स्थित चंद्रकोणा विधानसभा क्षेत्र पहुँचेंगे । यहाँ वे 'परवर्तन यात्रा' के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि बिहार के कद्दावर भाजपा नेताओं की बंगाल में मौजूदगी वहां के राजनीतिक समीकरणों को साधने की एक बड़ी कोशिश है।
सुरक्षा के लिहाज से यह दौरा अत्यंत संवेदनशील है, क्योंकि विजय सिन्हा को बिहार सुरक्षा द्वारा 'Z+' श्रेणी और केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 'Y' श्रेणी का सुरक्षा कवर प्राप्त है । उनके निजी सचिव सुनील कुमार तिवारी ने पश्चिम बंगाल सरकार से उन्हें 'राज्य अतिथि' घोषित करने और ठहरने के लिए होटल नोवोटेल में तीन कमरों के साथ पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया है । विजय सिन्हा के साथ उनके आप्त सचिव आशुतोष कुमार राय और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहेंगे ।
Report - narrottam kumar