भरत तिवारी एनकाउंटर पर उप मुख्यमंत्री विजेंद्र यादव खूब बरसे, जदयू के पंजाब में चुनाव लड़ने की यह है रणनीति

पंजाब विधानसभा चुनाव में जेडीयू के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला वहां के प्रदेश नेतृत्व का है। इसे जदयू की पार्टी को विस्तार देने की रणनीति का बड़ा हिस्सा माना जा रहा है

Deputy Chief Minister Vijender Yadav
Deputy Chief Minister Vijender Yadav - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर कहा कि इसकी न्यायिक जांच चल रही है और रिपोर्ट आने तक किसी को भी इस पर टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना दायित्व निभा रही है और जांच आयोग की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। परिजनों द्वारा कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दिए जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायिक जांच टीम अपना काम शुरू कर चुकी है और सरकार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर रही है।

 

पंजाब चुनाव पर जेडीयू का रुख

पंजाब विधानसभा चुनाव में जेडीयू के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला वहां के प्रदेश नेतृत्व का है। हालांकि, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों और नीतियों को पूरे देश में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


स्वास्थ्य मंत्री के एक्शन का किया बचाव

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के हालिया एक्शन पर विजेंद्र यादव ने कहा कि मंत्री हैं तो कार्रवाई करेंगे और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों की समस्याओं को लेकर पीएमसीएच के प्रिंसिपल पर कार्रवाई की गई है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी के खिलाफ कठोर या अनुचित कदम उठाया जाएगा।


तेजस्वी यादव के 'खजाना खाली' बयान पर पलटवार

राजद नेता तेजस्वी यादव के बिहार सरकार का खजाना खाली होने संबंधी बयान पर उपमुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि "जिसने यह सवाल उठाया है, उसे सरकारी खजाने की जानकारी ही नहीं है। खजाने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। यह आरजेडी का शासन नहीं है कि खजाना लूट लिया जाए। पहले तेजस्वी कहते थे कि उन्हें वेतन नहीं मिला, फिर खुद ही कहा कि वेतन मिल गया।"


राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर भी बोले

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी बंगला खाली करने के मुद्दे पर विजेंद्र यादव ने कहा कि यह पूरी तरह सरकारी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार नियमानुसार कार्रवाई करेगी और आगे की प्रक्रिया समय के अनुसार पूरी की जाएगी।


रंजन की रिपोर्ट