Bihar Politics: सीएम सम्राट आज फिर लगाएंगे जनता दरबार, फरियादियों की सुनेंगे फरियाद, बड़ी बैठक बुलाया

Bihar Politics:

सम्राट जनता दरबार
सीएम सम्राट सुनेंगे फरियाद - फोटो : social media

Bihar Politics:  सीएम सम्राट चौधरी आज एक बार फिर जनता दरबार लगाएंगे। जहां पूरे राज्य से आए लोग अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। सीएम एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री बनने के महज दो दिन बाद ही सम्राट चौधरी ने जनता दरबार की शुरुआत कर दी थी। इसे सरकार की ‘डायरेक्ट कनेक्ट’ रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। जिसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का तेजी से निपटारा करना है।

अधिकारियों के साथ अहम बैठक 

जनता दरबार के अलावा मुख्यमंत्री आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। इस दौरान विभागों के कार्यों की प्रगति, लंबित योजनाओं और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले भी सीएम कई विभागों की समीक्षा कर चुके हैं और स्पष्ट कर चुके हैं कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिल्ली लौटने के बाद एक्टिव सम्राट 

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। जहां राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद पटना पहुंचते ही उन्होंने Nitish Kumar से भी मुलाकात की, जिसकी तस्वीरें सामने आईं। दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम ने राधा मोहन सिंह और गिरिराज सिंह से भी मुलाकात की। साथ ही भाजपा मुख्यालय में नेताओं के साथ बैठक कर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की गई।

बिहार में उद्योग और निवेश को देंगे बढ़ावा

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बिहार में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय कदम उठाने की सलाह दी है और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में राज्य में निवेश को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।