Bihar News: गंगा स्नान के दौरान 3 की मौत पर सीएम सम्राट ने जताया शोक, परिजनों को इतने लाख का मुआवजा देने का ऐलान
Bihar News: भागलपुर में गंगा स्नान के दौरान 3 लोगों की डूबकर मौत हो गई। इस मामले में सीएम सम्राट ने शोक जताया है और परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।
Bihar News: भागलपुर में दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी अनुसार मुंडन संस्कार के लिए आए एक परिवार के 3 सदस्य नदी में डूब गए। इस घटना में तीनों की मौत हो गई। वहीं अब सीएम सम्राट ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।
सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में लिखा गया है कि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के नवगछिया के रंगरा प्रखंड अंतर्गत झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट पर नहाने के दौरान गंगा नदी में डूबने से एक ही ही परिवार के 03 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है।
मृतक के आश्रितों को 4 लाख का अनुदान
साथ ही मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के आश्रितों को 04-04 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुंडन संस्कार के लिए पहुंचा था परिवार
दरअसल, घटना नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के चौसा भटगामा से एक परिवार मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के एक युवक और दो युवतियां गंगा में स्नान करने गईं। स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
परिजनों में मचा कोहराम
घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों को सूचना दी। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया, वहीं घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेकर स्थानीय गोताखोरों को खोजबीन में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डूबने वालों में सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। इनमें मोनी कुमारी (फूआ), गौरव कुमार (12 वर्ष, पिता कुमोद कुमार) और साक्षी कुमारी शामिल हैं।