Bihar News : सीएम नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान भोजपुर जिले को दी 466 करोड़ रुपये के विकास की सौगात, 721 योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन

Bihar News : समृद्धि यात्रा के दौरान सीएम नीतीश ने भोजपुर जिले को 466 करोड़ रूपये के योजनाओं की सौगात दी है. इस दौरान उन्होने 721 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया........पढ़िए आगे

Bihar News : सीएम नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान भोजपुर जि
भोजपुर को 466 करोड़ की सौगात - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में भोजपुर जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने भोजपुर जिला अंतर्गत राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में 100 शैय्या वाले सी०सी०बी० (क्रिटिकल केयर ब्लॉक) के निर्माण कार्य (लागत 4450 लाख रुपये) का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, भोजपुर के शैक्षणिक भवन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल बिल्डिंग, चिकित्सक एवं कर्मचारी आवास आदि के निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर भोजपुर जिले के लिए 197 करोड़ रुपये की लागत से 494 योजनाओं का उद्घाटन एवं 269 करोड़ रुपये की लागत से 227 योजनाओं का शिलान्यास किया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 29,112 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 236 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं से काफी तरक्की कर रही हैं। हमारा परिवार आगे बढ़ रहा है। आपकी कृपा से हमलोग खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। सरकार आपलोगों की हरसंभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 78 लाभुकों को 3 करोड़ 90 रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री तालाब मत्स्यिकी विकास योजना, अंतर्जातीय विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, समाज कल्याण विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण कर विभाग द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को देखा और उसकी सराहना की।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री जीरोमाइल, आरा में रुके और वहां जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। इस क्रम में भोजपुर जिला अंतर्गत जीरोमाइल से आशमी फ्लाईओवर (एन०एच०-30 का लेफ्ट आउटर भाग) तक टू लेन आर०ओ०बी० सहित फोर लेन में चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य, आरा शहर हेतु रिंग रोड योजना के तहत पथों एवं फ्लाईओवरों का निर्माण, आरा बक्सर फोर लेन (एन०एच०-922) से छपरा (माया बबुरा) पथ का फोर लेन से सिक्स लेन में परिवर्तन कार्य, रेलवे स्टेशन से कतिरा पथ एवं रमना मैदान भाया एसपी आवास, कृषि भवन, प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय, जिला न्यायाधीश आवास पथ का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य, चंदवा से धरहरा तक आरा शहर सुरक्षा बांध का सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण कार्य, संदेश से अखगांव होते हुए कोईलवर तक नहर के बांध पर पथ का निर्माण कार्य, देव सूर्य मंदिर परिसर का विकास कार्य एवं सौंदर्गीकरण कार्य सहित अन्य क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिये।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री कृषि उत्पादन बाजार समिति, आरा पहुंचे जहां उन्होंने कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण का जीर्णोद्धार एवं निर्माण (लागत 5785.50 लाख रुपये) का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान वहां लगाए गए कृषि उत्पाद, फल आदि का अवलोकन किया और उत्पाद की गुणवत्ता एवं उसके उत्पादन के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में जीविका मार्ट सह प्रशिक्षण केंद्र भवन का निर्माण एवं असैनिक कार्य (लागत 29.99 लाख रुपये) का शिलापट्ट अनावरण कर फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने जीविका मार्ट सह प्रशिक्षण केंद्र भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्य पद्धतियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जीविका दीदियों को स्वरोजगार में और सहूलियत होगी तथा उनके उत्पादों को और बेहतर बाजार और मूल्य मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में स्वादिका कैफे का निर्माण कार्य एवं असैनिक कार्य (लागत 20.75 लाख रुपये) का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उ‌द्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने वहां की सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री सह भोजपुर जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक राज और बिहार नागरिक परिषद के महासचिव अरविन्द कुमार सिंह उर्फ़ छोटू सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।