दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या करने से मुख्यमंत्री सम्राट हुए मर्माहत, दुखद घटना पर बड़ा आदेश
दिल्ली में बिहार के खगड़िया जिला के रहनेवाले एक युवक की गोली मारकर हत्या के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक संवेदना व्यक्त की है.
Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली के द्वारिका जिला स्थित जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में हुयी फायरिंग में बिहार के खगड़िया जिला के रहनेवाले मजदूर की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने श्रम संसाधन विभाग से मृतक के आश्रित को 4 लाख रूपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रूपये (कुल 8 लाख रूपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या
दरअसल, दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में हाल ही में घटित वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक घटना जिसमें दिल्ली पुलिस के एक हवलदार द्वारा दो बिहारी युवकों पर गोली चलाई गई। जिससे एक युवक की मृत्यु हो गई और दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
पप्पू यादव और हम नेता ने की मुलाकात
घटना के बाद पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में पीड़ितों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने इस घटना पर दिल्ली की कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लिया। इस बीच बुधवार को हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि न केवल मानवता को झकझोरने वाली है बल्कि यह घटना दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
विपक्ष हमलावर
दिल्ली और बिहार में बीजेपी की सरकार है इस कारण विपक्ष भी हमलावर है। बिहारी मूल के युवक को गोली मारे जाने पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं हैरान करने वाले एक बयान में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पटना एयरपोर्ट पर कहा था कि, " ई कौन बड़ी बात है भाई...मार दिया तो मार दिया। आपको कोई क्यों नहीं मारा भाई, किसी पर कोई शंका होगी तो जांच होगी। जांच होने पर अगर निर्दोष को मारा गया है तो जो मारा है उस पर कार्रवाई होगी"। जीतनराम मांझी के इस आरोप पर तेजस्वी यादव ने हमला बोलते हुए कहा था कि, उन्हें माफी मांगनी चाहिए।