BPSC पेपर लीक कांड: संजीव मुखिया गिरोह का खास गुर्गा पटना में धराया, कोहिनूर होटल में रटवाए थे उत्तर

बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत दर्ज कांड संख्या 06/2024 में बड़ी कार्रवाई करते हुए डब्लू मुखिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने कबूला है कि वह 2015 से ही पेपर लीक गिरोह का हिस्सा रहा है।

BPSC पेपर लीक कांड: संजीव मुखिया गिरोह का खास गुर्गा पटना मे

Patna - : बिहार की सबसे चर्चित शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-3.0) पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की विशेष टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है । गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने संजीव मुखिया गिरोह के मुख्य सदस्य प्रवीण कुमार सिन्हा उर्फ डब्लू मुखिया को पटना के करबिगहिया इलाके से विधिवत गिरफ्तार कर लिया है 

2015 से ही सक्रिय था डब्लू मुखिया

पूछताछ के दौरान आरोपी डब्लू मुखिया ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं । उसने बताया कि वह वर्ष 2015-16 से ही संजीव मुखिया गिरोह से जुड़ा हुआ था और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराने में गिरोह की मदद कर रहा था । आरोपी मूल रूप से लखीसराय जिले के मानिकपुर थाना अंतर्गत कोनिपार गांव का रहने वाला है 

हजारीबाग के होटल में रटवाए गए थे प्रश्न-उत्तर

डब्लू मुखिया ने जाँच अधिकारियों को बताया कि वर्ष 2024 में आयोजित BPSC TRE-3.0 परीक्षा का प्रश्न पत्र संजीव मुखिया द्वारा लीक कराया गया था । इस गिरोह ने हजारीबाग के कोहिनूर होटल में अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाने की योजना बनाई थी । डब्लू मुखिया स्वयं 05-06 स्कॉर्पियो गाड़ियों से करीब 30 अभ्यर्थियों को लेकर हजारीबाग गया था और वहां गिरोह के अन्य सदस्यों को उन्हें रिसीव कराया था 

छापेमारी के दौरान लखीसराय में था छिपा

आरोपी ने कबूला कि परीक्षा से एक दिन पहले जब हजारीबाग के कोहिनूर होटल में पुलिस की छापेमारी हुई, तो वह वहां से भागकर लखीसराय आ गया था । गिरफ्तारी के डर से वह तब से लगातार छुपकर रह रहा था 

अब तक 293 अभियुक्तों पर आरोप पत्र दाखिल

EOU के अनुसार, इस कांड में अब तक गिरोह के सरगना संजीव मुखिया सहित 293 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र (Charge Sheet) समर्पित किया जा चुका है । इकाई द्वारा पेपर लीक करने वाले गिरोहों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि राज्य में परीक्षाओं का सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित किया जा सके 

Report - anil kumar