अमित शाह का ऐलान- पंजाब में SAD का होगा मुख्यमंत्री, 117 सीटों पर साथ लड़ेंगे चुनाव
नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर अगला विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला लिया है
Punjab Vidhansabha Election : पंजाब की राजनीति में छह साल बाद बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए फिर से गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को स्पष्ट कर दिया कि दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इतना ही नहीं, गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और पंजाब का मुख्यमंत्री भी अकाली दल से ही होगा।
नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की। शाह ने कहा कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर अगला विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री बनता है। जो भी बड़ा भाई होगा, वही मुख्यमंत्री बनेगा।” इस तरह शाह ने साफ कर दिया कि गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री पद अकाली दल के खाते में जाएगा।
सभी 117 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे चुनाव
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन स्वाभाविक है। दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर आगे बातचीत की जाएगी। शाह ने अकाली दल को एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी बताते हुए सुखबीर सिंह बादल और पार्टी के अन्य नेताओं का गठबंधन में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा।
2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा
अमित शाह ने गठबंधन की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दल 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के प्रमुख मुद्दों को ध्यान में रखकर साझा घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर भरोसा जताते हुए 2027 के चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के कल्याण के लिए है। उनके मुताबिक, किसानों और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन नबीन से बातचीत हुई है और इनके समाधान का भरोसा मिला है।
कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध के दौरान टूट गया था। उस समय अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। यह गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। पुराने सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत विधानसभा चुनाव में अकाली दल 94 और बीजेपी 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी।
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी को दो और अकाली दल को तीन सीटों पर जीत मिली थी। अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों दल फिर एक साथ आ गए हैं। ऐसे में पंजाब की सियासत में नए गठबंधन की भूमिका और सीट बंटवारे पर सबकी नजर रहेगी।