नितिन नवीन ने बहनों के साथ मनाया भाई दूज, खुशहाली की कामना कर दिया बड़ा संदेश, शेयर कीं खास तस्वीरें

नितिन नवीन ने भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के रिश्ते को प्रेम, विश्वास और अपनत्व का अनमोल बंधन बताया। उन्होंने कामना की कि भाई-बहन के बीच यह अटूट प्रेम और विश्वास सदैव बना रहे।

Nitin Nabin on Bhai Dooj
Nitin Nabin on Bhai Dooj - फोटो : news4nation

Bihar News :  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना में अपनी बहनों के साथ भाई दूज का पावन पर्व मनाया। बुधवार को उन्होंने अपनी राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच परिवार के साथ समय बिताया और इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में भाई-बहन के बीच स्नेह और आत्मीयता की झलक देखने को मिली।


नितिन नवीन ने भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के रिश्ते को प्रेम, विश्वास और अपनत्व का अनमोल बंधन बताया। उन्होंने कामना की कि भाई-बहन के बीच यह अटूट प्रेम और विश्वास सदैव बना रहे। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी परिवारों में सुख-समृद्धि, खुशहाली और आपसी सद्भाव कायम रहे।


उनकी ओर से साझा की गई तस्वीरों के जरिए राजनीतिक गतिविधियों से इतर पारिवारिक जीवन की एक आत्मीय झलक भी सामने आई। भाई दूज के मौके पर बहनों के साथ पर्व मनाते नितिन नवीन की तस्वीरें इस बात को रेखांकित करती हैं कि सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी परिवार और रिश्तों का अपना विशेष महत्व होता है।


क्या है भाई दूज?
भाई दूज हिंदू धर्म का एक प्रमुख पर्व है, जो दीपावली के दो दिन बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करती हैं। भाई भी बहनों की रक्षा और उनके सुखी जीवन का संकल्प लेते हैं। यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है।