भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पटना आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
पटना दौरे के दौरान नितिन नबीन पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
Nitin Nabin: नीतिन नबीन रविवार को पटना पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। दिल्ली से पटना पहुंचे नितिन नबीन के साथ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
अपने पटना दौरे के दौरान नितिन नबीन पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा करेंगे। महाशिवरात्रि के अवसर पर उनके कुछ धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि नितिन नबीन हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। प्रदेश की राजनीति से राष्ट्रीय स्तर तक का उनका सफर संगठनात्मक सक्रियता और रणनीतिक भूमिका के लिए जाना जाता है। बिहार भाजपा में लंबे समय तक सक्रिय रहने के बाद उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई, जिसे पार्टी के भीतर पीढ़ीगत बदलाव और संगठन विस्तार की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे पिछले सप्ताह पहली बार पटना आए थे। अब एक बार फिर उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए उनका यह दौरा अहम माना जा रहा है।