Bihar Weather: बिहार में आंधी-पानी का डबल अटैक! पटना-मुजफ्फरपुर समेत इन जिलों में भारी बारिश, 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 38 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभ

बारिश
पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी की मार झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आई है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी पटना और मुजफ्फरपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों के लिए तेज बारिश और आंधी का 'अलर्ट' जारी किया है। प्रदेश में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावनाएं जताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर गरज और बिजली गिरने की आशंका ने चिंता भी बढ़ा दी है। 

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान रोहतास जिला सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

क्यों बदल रहा है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण बिहार के मौसम में यह बदलाव हो रहा है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे बादल बन रहे हैं और आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। सतही हवा की दिशा में बदलाव के कारण भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है।

20 मार्च तक जारी रह सकता है असर

मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में बीच-बीच में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। हालांकि इस बदलाव से भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

पटना में भी बदल सकता है मौसम

राजधानी पटना में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं। यहां बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ समय के लिए तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बता दें कि, मार्च महीने में राज्य के कई जिलों में मौसम का अजीब मिजाज देखने को मिला। भागलपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और औरंगाबाद समेत कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखा गया। भागलपुर में सबसे कम दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ गया, जबकि शाम के समय ठंडी हवाएं चलने लगीं।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बिहार के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार निचले वायुमंडल में नमी बढ़ने और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अगले सात दिनों तक गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी।