Bihar Weather: बिहार के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी, इस दिन से गिरेगा पारा, ठंड से फिर बढ़ेगी परेशानी

Bihar Weather: बिहार के लोगों के फिलहाल ठंड से राहत मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि ठंड बढ़ने की भी संभावनाएं जताई जा रही है।

ठंड
7 दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में ठंड, कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति से अब राहत मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। राज्य में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से बढ़कर 8 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। दिन में तेज धूप निकलने से ठिठुरन कम हुई है।

7 दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सात दिनों तक राज्य में न तो घना कोहरा छाएगा और न ही कोल्ड डे की स्थिति बनेगी। सुबह और शाम हल्की ठंड जरूर महसूस होगी, लेकिन दिन में मौसम साफ और धूप खिली रहेगी। फिलहाल राज्य के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आज कैसा रहेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार, बुधवार को बिहार का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। सुबह से ही धूप खिली रहेगी और दिन भर मौसम सुहाना बना रहेगा। किसी भी जिले के लिए घने कोहरे या कोल्ड डे की चेतावनी नहीं है। यह स्थिति अगले सात दिनों, यानी 27 जनवरी तक बनी रहने की संभावना है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

कुछ जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अररिया, पूर्णिया समेत पांच जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह और देर रात हल्की धुंध और ठंड अधिक महसूस हो सकती है। अगले 24 घंटों में राज्य में न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुछ जिलों में सुबह-शाम हल्की ठंड बढ़ सकती है। पटना समेत कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

आगे कैसा रहेगा मौसम

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले सात दिनों तक बिहार का मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पूर्वी और सीमावर्ती जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। राजधानी पटना में भी अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा और ठंडी हवा चल सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा। न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।