Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में पारा 43 डिग्री के करीब, इन जिलों में आंधी पानी का अलर्ट
Bihar Weather: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। खासकर दक्षिण और मध्य बिहार के गया, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और रोहतास जिलों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है
Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के 9 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि 4 जिलों में पारा 43 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। रविवार को रोहतास 43 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। कई जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।
दो हिस्सों में बंटा मौसम
राज्य में मौसम दो तरह का नजर आ रहा है। एक ओर सीमांचल और उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी जारी है। सुपौल, कटिहार और मधुबनी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। बारिश के आंकड़ों के अनुसार सुपौल के राघोपुर में 25.2 मिमी, कटिहार के बारसोई में 24.6 मिमी, सुपौल के किशनपुर में 22.2 मिमी और प्रतापगंज व मधुबनी के लौकही में 19.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
7 जिलों में मौसम ठंडा
वहीं मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। इसके विपरीत रोहतास, औरंगाबाद, गया और कैमूर सहित दक्षिण बिहार के जिलों में गर्मी का प्रकोप बरकरार है। पटना, छपरा और आरा में भी तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
23 अप्रैल से आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार पटना में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात के तापमान में भी अधिक गिरावट नहीं होगी, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस होगी। अगले तीन दिनों तक पूरे बिहार में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। अधिकांश शहरों का तापमान 36 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 23 अप्रैल से उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि दक्षिण बिहार में गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है।