बिहार पुलिस में गूगल फॉर्म से ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल खत्म: DGP की मंजूरी से आदेश जारी, मुख्यालय ने लगाई रोक
बिहार पुलिस मुख्यालय ने गूगल फॉर्म के माध्यम से ट्रांसफर और प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। DGP के अनुमोदन के बाद एडीजी मुख्यालय ने आदेश जारी किया।
बिहार पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न प्रभागों, इकाइयों और कार्यालयों में गूगल फॉर्म (Google Form) के माध्यम से रिक्त पदों पर पदस्थापन और प्रतिनियुक्ति (Transfer-Posting) की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आया था कि कई प्रभाग और इकाइयां सीधे पुलिसकर्मियों से गूगल फॉर्म भरवाकर, मनोनयन या स्वेच्छा प्राप्त कर चयन कर रही थीं और पदस्थापन के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भेज रही थीं। इस मनमाने रवैये को रोकते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने व्यवस्था को समाप्त करने का कड़ा फैसला लिया है।
नियंत्री प्राधिकार की अनदेखी से जिलों में घट रहा था मैनपावर
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, बिना नियंत्री प्राधिकार (Controlling Authority) की अनुशंसा के गूगल फॉर्म के जरिए हो रहे इन चयनों के कारण जिलों और क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध मैनपावर (पुलिस बल) में अनावश्यक कमी उत्पन्न हो रही थी। इसका सीधा असर जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा था। अधिकारियों के इस प्रकार सीधे चयन से जिलों में पुलिसकर्मियों की कमी हो रही थी, जिससे पुलिस का मूल काम प्रभावित हो रहा था।

विधि-व्यवस्था और गश्ती ड्यूटी पर पड़ रहा था प्रतिकूल असर
मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि जिलों में पुलिस बल की कमी होने की वजह से विधि-व्यवस्था (Law & Order) संधारण, नियमित गश्ती ड्यूटी और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयी कार्यों के सुचारू व प्रभावी निष्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। कई थानों और जिला मुख्यालयों में पुलिसकर्मियों का संकट गहराने लगा था। इसी स्थिति को देखते हुए मामले पर सम्यक विचार-विमर्श किया गया ताकि जिलों में सुरक्षा और गश्ती ड्यूटी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
DGP का मिला अनुमोदन, विशेष इकाइयों को मिलेगी छूट
सम्यक विचारोपरांत बिहार पुलिस महानिदेशक (DGP) के अनुमोदन के बाद अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) द्वारा यह आदेश जारी किया गया है। नए आदेश के तहत बिहार पुलिस की विशेषीकृत इकाइयों जैसे एसटीएफ (STF), एटीएस (ATS) और एसएसजी (SSG) को छोड़कर शेष सभी प्रभागों/इकाइयों/कार्यालयों में Google Form के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर साक्षात्कार कराने की वर्तमान व्यवस्था को पूर्णतः बंद कर दिया गया है।