बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे की बड़ी पहल, 16-17 जून को चलेंगी 14 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, देखिए लिस्ट

16-17 जून को विशेष ट्रेनों के संचालन से पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी।

Special Trains for Bihar Police Recruitment Exam
Special Trains for Bihar Police Recruitment Exam - फोटो : news4nation

Bihar Police Recruitment Exam 2026 :  पटना। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 16 और 17 जून को बिहार के विभिन्न रेल मार्गों पर कुल 14 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।


पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने परीक्षार्थियों से इन स्पेशल ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।


16 जून को चलेंगी पांच परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

16 जून को पाटलिपुत्र से शाम 8 बजे किशनगंज के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन रवाना होगी, जो बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होकर चलेगी।

इसके अलावा पटना से रात 10 बजे नरकटियागंज के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, चकिया, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

पाटलिपुत्र से रात 10 बजे अररिया के लिए भी एक विशेष ट्रेन संचालित होगी, जो बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार के रास्ते चलेगी।

वहीं पाटलिपुत्र से रात 11 बजे नवगछिया के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन बेगूसराय और खगड़िया होते हुए जाएगी।

इसके अतिरिक्त पटना से रात 11:30 बजे भभुआ के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जो तारेगना, जहानाबाद, गया, डेहरी ऑन सोन और सासाराम के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।


17 जून को नौ स्पेशल ट्रेनों का होगा संचालन

17 जून को पटना से सुबह 7:15 बजे गया के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।

बक्सर से दोपहर 1:30 बजे दानापुर तथा शाम 6 बजे पटना के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

किऊल से दोपहर 12:30 बजे गया के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलेगी, जो शेखपुरा और नवादा के रास्ते जाएगी। वापसी में गया से शाम 5:30 बजे किऊल के लिए ट्रेन संचालित होगी।


बख्तियारपुर और राजगीर के बीच चार विशेष ट्रेन 

इसके अलावा बख्तियारपुर और राजगीर के बीच चार विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इनमें सुबह 8 बजे और दोपहर 3:30 बजे बख्तियारपुर से राजगीर के लिए ट्रेनें चलेंगी, जबकि राजगीर से दोपहर 1 बजे और शाम 6:15 बजे बख्तियारपुर के लिए विशेष ट्रेनें रवाना होंगी। ये सभी ट्रेनें बिहारशरीफ और नालंदा होकर संचालित की जाएंगी।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी। रेलवे ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है।