बिहार पुलिस सिपाही भर्ती PET सफलतापूर्वक संपन्न, 79,932 अभ्यर्थी हुए शामिल,  19,838 पदों पर बहाली में बड़ी खबर

बोर्ड के अनुसार बिहार पुलिस में सिपाही के 19,838 पदों के लिए यह शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी, जिनमें से 79,932 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

Bihar Police Constable Recruitment
Bihar Police Constable Recruitment - फोटो : news4nation

Bihar Police : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) (CSBC) द्वारा बिहार पुलिस सिपाही भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है। बोर्ड के अनुसार यह परीक्षा 15 जनवरी 2025 से 11 मार्च 2026 तक पटना के गर्दनीबाग स्थित शहीद राजेंद्र प्रसाद सिंह राजकीय उच्च विद्यालय (पटना हाई स्कूल) मैदान में आयोजित की गई। बोर्ड के अनुसार बिहार पुलिस में सिपाही के 19,838 पदों के लिए यह शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 99,690 अभ्यर्थियों को PET के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें से 79,932 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिला और 29 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे।


करीब तीन महीने तक चले इस परीक्षा कार्यक्रम में कुल 66 कार्यदिवसों में परीक्षा आयोजित की गई। इनमें 40 दिन पुरुष और 26 दिन महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा ली गई। प्रत्येक दिन अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षण, शारीरिक माप और उनके अभिलेखों का सत्यापन किया गया।


परीक्षा के संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा 266 पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इनमें चार पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी और 26 पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल थे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया गया। दौड़ की समय गणना के लिए RFID और सेंसर आधारित तकनीक का प्रयोग किया गया, वहीं अभ्यर्थियों की उपस्थिति, पहचान और दस्तावेज सत्यापन के लिए बायोमेट्रिक, फोटो और फिंगर प्रिंट जैसी तकनीकों का सहारा लिया गया।


परीक्षा के दौरान गड़बड़ी या अनियमितता की कोशिश करने वाले 170 लोगों की पहचान की गई। इनमें से 67 को गिरफ्तार किया गया, जबकि 44 अभ्यर्थियों समेत कुल 46 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। परीक्षा के दौरान 615 पुरुष और 305 महिला अभ्यर्थियों को चिकित्सीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगी और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार के प्रलोभन या धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की गई है।