Bihar MLC Election 2026: बिहार MLC चुनाव की काउंटिंग में बवाल! कांग्रेस-जन सुराज और RJD ने उठाए ये सवाल, पटना में मचा हंगामा

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर काउंटिंग शुरू हो गई है... पटना में CCTV को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया है....

Bihar MLC Election 2026
पटना में विपक्ष का हंगामा- फोटो : reporter

Bihar MLC Election 2026:  बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर मंगलवार को मतगणना शुरू हो गई। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण समेत विभिन्न मतगणना केंद्रों पर मतपत्रों की गिनती की जा रही है। इस बीच पटना के मतगणना केंद्र पर CCTV कैमरे नहीं होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय यादव धरने पर बैठ गए और रघुपति राघव राजा राम का जाप कर विरोध जताया। जन सुराज और राजद के प्रत्याशियों ने भी मतगणना की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं।

मतगणना केंद्र में CCTV नहीं होने पर प्रत्याशियों का विरोध

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्र के अन्य हिस्सों में कैमरे लगे हैं, लेकिन जिस जगह मतपत्रों की गिनती हो रही है, वहां CCTV कैमरे नहीं हैं। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए विरोध दर्ज कराया और धरने पर बैठ गए।जन सुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने भी मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतगणना लंबे समय तक चलती है और इससे प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य जुड़ा हुआ है। ऐसे में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रत्याशी मतगणना में पारदर्शिता चाहते हैं, तो इसमें गलत क्या है।

दिव्या ज्योति ने कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग को जानकारी दी जा चुकी है। जरूरत पड़ने पर वे अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगी। राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भी CCTV कैमरे नहीं होने पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब सांसद और विधायक के चुनाव में कैमरों की व्यवस्था होती है, तो विधान परिषद चुनाव की मतगणना में ऐसा क्यों नहीं है।

डीएम बोले- निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का हो रहा पालन

विवाद पर पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि सभी प्रत्याशियों को मतगणना से जुड़े नियमों की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, मतगणना स्थल के अंदर CCTV कैमरे नहीं लगाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई जा रही है।

आठ सीटों पर 150 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 82.85 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। चुनावी मैदान में कुल 150 प्रत्याशी हैं, जिनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 उम्मीदवार शामिल हैं।

मतगणना पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रही है। सारण में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। वहां मतपेटियों से मतपत्र निकालकर मतदान केंद्रवार बंडल तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद मतगणना की अगली प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पटना स्नातक सीट पर मुकाबले पर टिकी नजरें

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले को लेकर खास दिलचस्पी है। चुनाव के दौरान अनुज सिंह को जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने की चर्चा रही थी। हालांकि, चुनाव के बाद जदयू ने अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

इन आठ सीटों पर मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से एनके यादव शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार सिंह और सारण से अफाक अहमद का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

भाजपा ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जदयू बाकी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में मतगणना के नतीजे बिहार की सियासत में नए समीकरणों का संकेत दे सकते हैं।

अभिजीत सिंह के साथ अभिजीत भारद्वाज की रिपोर्ट