Bihar Librarian Exam 2026:लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा का ऐलान ,बिहार बोर्ड ने 18 साल के इंतजार के बाद जारी की परीक्षा की डेट्स, इस दिन से आवेदन होगा शुरू
Bihar Librarian Exam 2026: बिहार में लाइब्रेरियन बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए लंबे अरसे बाद उम्मीद की किरण जगी है। ...
Bihar Librarian Exam 2026: बिहार में लाइब्रेरियन बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए लंबे अरसे बाद उम्मीद की किरण जगी है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा-2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच कराया जाएगा। परीक्षा के बाद परिणाम जारी करने का लक्ष्य दिसंबर के आखिरी सप्ताह में रखा गया है।परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए 21 अक्टूबर 2026 तक का वक्त मिलेगा। हालांकि आवेदन शुल्क, परीक्षा केंद्र, पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश से जुड़ी विस्तृत जानकारी बिहार बोर्ड की ओर से बाद में आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी।
लाइब्रेरियन बनने का ख्वाब संजोए अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा बेहद अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि बिहार में आखिरी बार 2008 में पुस्तकालयाध्यक्षों की बहाली हुई थी। उसके बाद से अभ्यर्थी लगातार नई नियुक्तियों की आस लगाए बैठे थे। करीब 18 वर्षों से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए पात्रता परीक्षा की घोषणा ने एक बार फिर भर्ती की उम्मीद को हवा दे दी है।
अभ्यर्थियों का दावा है कि बिहार के स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में लाइब्रेरियन के हजारों पद खाली हैं। इन रिक्तियों को भरने की मांग को लेकर अभ्यर्थी कई बार आंदोलन और प्रदर्शन भी कर चुके हैं। लंबे समय से जारी इस जद्दोजहद के बाद अब पात्रता परीक्षा का ऐलान उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
दरअसल, विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी आगे लाइब्रेरियन की बहाली के लिए आवेदन करने के योग्य होंगे। हालांकि नियुक्ति के लिए रिक्त पदों की संख्या, भर्ती प्रक्रिया, मेरिट और अन्य शर्तों को लेकर स्थिति बिहार बोर्ड और संबंधित विभाग की ओर से जारी होने वाली आगामी अधिसूचनाओं के बाद ही पूरी तरह साफ होगी।
बिहार बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी बाद में आधिकारिक रूप से जारी की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक सूचना को ध्यान से पढ़कर ही फॉर्म भरें। किसी भी गलती से बचने के लिए आवेदन से पहले जरूरी दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार रखना भी मुफीद रहेगा।
इधर, बिहार में शिक्षकों के तबादले को लेकर भी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की सेवा में दो वर्ष या उससे कम समय बचा है, उनका स्थानांतरण नहीं किया जाएगा। सरकार ने यह फैसला ऐसे शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया है।शिक्षा मंत्री के मुताबिक शिक्षक स्थानांतरण नीति पूरी तरह ऐच्छिक है। यानी किसी शिक्षक के लिए स्थानांतरण अनिवार्य नहीं होगा। शिक्षक अपनी इच्छा के मुताबिक ही ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे। सरकार के इस रुख से उन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो सेवा के अंतिम दौर में हैं और स्थानांतरण से बचना चाहते हैं।फिलहाल लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा की घोषणा ने वर्षों से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच नई उम्मीद पैदा कर दी है। 1 अक्टूबर से आवेदन और नवंबर-दिसंबर में परीक्षा के बाद अब निगाहें भर्ती की अगली प्रक्रिया और रिक्त पदों के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।