सहकारिता के क्षेत्र में बिहार की पहल की सराहना : नई दिल्ली में अमित शाह ने मंत्री रामकृपाल यादव को दिया हर संभव मदद का भरोसा

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार में सहकारिता के सुदृढ़ीकरण और किसानों के उत्थान के लिए उठाए जा रहे कदमों की प्रशंसा की है। अमित शाह ने बिहार में सहकारिता के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है

सहकारिता के क्षेत्र में बिहार की पहल की सराहना : नई दिल्ली म
सहकारिता के क्षेत्र में बिहार की पहल की सराहना- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : बिहार सरकार के माननीय सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान बिहार में सहकारिता आंदोलन के सुदृढ़ीकरण, राज्य में किसानों की आय बढ़ाने और सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बिहार सहकारिता नीति-2026 और बड़ी परियोजनाओं की दी जानकारी

मुलाकात के क्रम में बिहार के सहकारिता मंत्री ने राज्य में चल रही प्रमुख उपलब्धियों और दूरगामी योजनाओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • सकरी (मधुबनी) सहकारी चीनी मिल: चीनी मिल की पुनः स्थापना की प्रगति।
  • बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026: राज्य में सहकारिता को नया आयाम देने के लिए बनाई गई रूपरेखा।
  • अन्न भंडारण व फसल बीमा: 'विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना' का क्रियान्वयन और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन।
  • सब्जी प्रसंस्करण व विपणन: सब्जी उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और अंतरराज्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता बढ़ाने की पहल।


पैक्स कंप्यूटरीकरण और 'सहकारिता में सहकार' पर जोर

बिहार के मंत्री ने बताया कि राज्य के प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को बहुउद्देशीय सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, पैक्सों का डिजिटलीकरण/कंप्यूटरीकरण, 'सहकारिता में सहकार' पहल के तहत ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं का विस्तार, पैक्स व विभागीय अधिकारियों का प्रशिक्षण और स्थानीय सहकारी उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के प्रयास तेजी से जारी हैं।


केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं प्रमुख प्रशासनिक व वित्तीय मांगें

राज्य में सहकारिता की रफ्तार को और तेज करने के लिए रामकृपाल यादव ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष कुछ प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने पैक्स कंप्यूटरीकरण के लिए अतिरिक्त संसाधनों, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने तथा राज्य खाद्य निगम (SFC) को केंद्र स्तर से समयबद्ध राशि जारी करने से संबंधित विषयों को प्राथमिकता से उठाया।


अमित शाह ने की सहकारिता मॉडल की सराहना

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बिहार में सहकारिता के सुदृढ़ीकरण और किसानों के उत्थान के लिए उठाए जा रहे कदमों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने बिहार में सहकारिता के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता, वित्तीय सहयोग और उचित मार्गदर्शन का पूर्ण आश्वासन दिया। बैठक के दौरान बिहार के समग्र विकास और समसामयिक मुद्दों पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।