अब बिहार में खुंखार अपराधियों को मिलेगी कालेपानी जैसी सजा, यहां बनेगा हाई सिक्योरिटी जेल, गृह मंत्री जगह फाइनल कर बढ़ाई अपराधियों की टेंशन
बिहार के कैमूर में अब आतंकियों और खूंखार गैंगस्टरों के लिए 'काला पानी' जैसी जेल बनेगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अधौरा पहाड़ पर हाई-सिक्योरिटी जेल के निर्माण का ऐलान किया है।
Patna - बिहार सरकार राज्य में अपराध और आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए एक बेहद सख्त कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के दौरान कैमूर पहुंचे डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है कि कैमूर जिले के अधौरा पहाड़ पर राज्य की पहली 'हाई सिक्योरिटी जेल' का निर्माण किया जाएगा। यह जेल अंडमान-निकोबार की कुख्यात 'काला पानी' जेल की तर्ज पर होगी, जहाँ खूंखार अपराधियों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट जाएगा।
मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट से कोसों दूर होगी जेल
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि इस जेल का स्थान जानबूझकर ऐसी दुर्गम पहाड़ी पर चुना गया है, जहाँ मोबाइल नेटवर्क या इंटरनेट की कोई सुविधा नहीं होगी। जेल के अंदर से अपना नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों, माफियाओं और कट्टरपंथी आतंकियों को यहाँ विशेष सेल में रखा जाएगा। जेल तक आने-जाने का केवल एक ही सुरक्षित रास्ता होगा, जिस पर सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा रहेगा।
कैदियों के लिए 'नो एग्जिट-नो एंट्री' जोन
गृह मंत्री के अनुसार, इस जेल की सुरक्षा व्यवस्था इतनी अभेद्य होगी कि यहाँ बंद अपराधी न तो बाहर किसी से संपर्क कर पाएंगे और न ही कोई बाहरी व्यक्ति अंदर प्रवेश कर सकेगा। यह कदम एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन के उस प्रस्ताव के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने कुख्यात नक्सलियों और कट्टरपंथियों के लिए एक सुनसान जगह पर जेल बनाने की मांग की थी।
समृद्धि यात्रा में नीतीश सरकार का बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछली 'प्रगति यात्रा' के दौरान जहाँ अधौरा की पहाड़ी पर डिग्री कॉलेज खोलने का वादा किया गया था, अब वहीं सुरक्षा के लिहाज से इस अति-सुरक्षित जेल का निर्माण भी सुनिश्चित किया गया है। बजट सत्र में इस जेल की घोषणा तो हुई थी, लेकिन कैमूर के अधौरा को अब आधिकारिक तौर पर फाइनल कर दिया गया है।
आतंकियों और गैंगस्टरों की 'अग्निपरीक्षा'
इस जेल के बनने से बिहार में संगठित अपराध चलाने वाले अपराधियों में हड़कंप मचना तय है। 'काला पानी' के स्वरूप वाली इस जेल का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को समाज और उनके नेटवर्क से पूरी तरह अलग-थलग कर देना है, ताकि जेल के अंदर से होने वाली आपराधिक साजिशों पर पूर्ण विराम लग सके।