Bihar Diwas 2026: गांधी मैदान में आज से मचेगी धूम! सीएम नीतीश करेंगे आगाज, जानिए कौन से बॉलीवुड सितारे करेंगे परफॉर्म
Bihar Diwas 2026: बिहार दिवस के अवसर पर राजधानी पटना के गांधी मैदान में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समारोह की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है।
Bihar Diwas 2026: बिहार आज अपनी स्थापना की वर्षगांठ मना रहा है। 22 मार्च से गांधी मैदान में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय समारोह का आगाज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस बार उत्सव की थीम बेहद खास रखी गई है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ बॉलीवुड के मशहूर गायकों की महफिल भी जमेगी। प्रशासन ने सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बिहार दिवस का थीम
बता दें कि, इस वर्ष समारोह की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। आयोजन में बॉलीवुड कलाकारों की भी भागीदारी रहेगी, जहां शान और पापोन जैसे लोकप्रिय गायक प्रस्तुति देंगे।
पहले दिन सोना महापात्रा की प्रस्तुति
22 मार्च को पहले दिन मुख्य मंच पर सोना महापात्रा की प्रस्तुति होगी। वहीं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा ओडिसी नृत्य में रमिंदर खुराना और प्राची लल्वी साहू अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। रविंद्र भवन में लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ भोजपुरी रंगमंच के जनक भिखारी ठाकुर की प्रसिद्ध कृति ‘गबरघिचोर’ का मंचन भी किया जाएगा।
दूसरे दिन शान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
23 मार्च को मुख्य आकर्षण के रूप में गायक शान प्रस्तुति देंगे। श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुदीपा घोष द्वारा ‘बुद्धचरित’ पर आधारित नृत्य नाटिका के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन और संदेश को दर्शाया जाएगा। रविंद्र भवन में प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की टीम द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित होगा, साथ ही ‘वैजयंती’ नाटक का मंचन भी किया जाएगा।
अंतिम दिन पापोन का लाइव परफॉर्मेंस
24 मार्च को समापन दिवस पर गायक पापोन गांधी मैदान में प्रस्तुति देंगे, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। करीब 15 हजार वर्गफुट में बने ‘धरोहर दर्शन’ पवेलियन में बिहार की पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति और विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यहां लहठी और सुजनी जैसी लोक कलाओं का प्रदर्शन होगा। महिला उद्यमियों और जीविका समूहों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।
फिल्मों की स्क्रीनिंग और नाट्य उत्सव
बिहार संग्रहालय और आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में नदिया के पार और तीसरी कसम जैसी क्लासिक फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं 22 से 26 मार्च तक प्रेमचंद रंगशाला में ‘महिला नाट्य उत्सव’ आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान पटना स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी। स्थल पर एंबुलेंस, अस्थायी अस्पताल, फायर टेंडर, पेयजल, शौचालय और सफाई की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को समय से तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।