होटल-ढाबा संचालकों के लिए कमर्शियल सिलेंडर आसानी से होगा उपलब्ध, सरकार ने कर दी नई व्यवस्था, जानें क्या है नया नियम

घरेलू उपभोक्ताओं के हक की सुरक्षा और गैस वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को नजदीकी गैस एजेंसी से कमर्शियल कनेक्शन लेना होगा, ताकि कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाई जा सके।

होटल-ढाबा संचालकों के लिए कमर्शियल सिलेंडर आसानी से होगा उपल

Patna -  बिहार में घरेलू गैस सिलिंडर के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने अब कमर कस ली है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के लिए कमर्शियल गैस कनेक्शन का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब कानूनी गाज गिर सकती है।

घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी पर लगाम

अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल धड़ल्ले से व्यवसायिक कामों में किया जा रहा था। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा था, बल्कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस कृत्रिम किल्लत को समाप्त करने के लिए अब व्यावसायिक उपयोग की निगरानी तेज कर दी गई है।

रजिस्ट्रेशन से आएगी वितरण में पारदर्शिता

नई व्यवस्था के तहत कमर्शियल उपभोक्ताओं की पहचान स्पष्ट होगी, जिससे गैस की आपूर्ति चैन पूरी तरह पारदर्शी बनेगी। इससे गैस की कालाबाजारी और सिलिंडर के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगेगी। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से वास्तविक डेटा सामने आएगा और आपूर्ति व्यवस्था और भी सुदृढ़ होगी।

प्रतिष्ठानों को मिलेगी नियमित आपूर्ति

रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रतिष्ठानों को एक बड़ा फायदा यह होगा कि उन्हें नियमित और वैध तरीके से कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे उन्हें गैस की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता नहीं रहेगी और वे किसी भी तरह की आकस्मिक छापेमारी या कानूनी कार्रवाई के डर से मुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकेंगे।

होटल-ढाबा संचालकों के लिए अनिवार्य कदम

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी होटल और ढाबा संचालक तत्काल अपनी नजदीकी गैस एजेंसी या संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMCs) से संपर्क करें। वहां जरूरी दस्तावेज जमा कर रजिस्ट्रेशन कराएं और व्यवसायिक उपयोग के लिए अलग कनेक्शन प्राप्त करें। समय रहते कदम न उठाने वाले प्रतिष्ठानों को भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

सुविधा और नियम पालन का समन्वय

यह नई व्यवस्था न सिर्फ गैस वितरण को व्यवस्थित करेगी, बल्कि आम उपभोक्ताओं और व्यवसायियों दोनों के लिए सुविधा सुनिश्चित करेगी। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में विशेष टीमें गठित कर व्यावसायिक क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि घरेलू सिलिंडर के अवैध उपयोग को पूरी तरह जड़ से खत्म किया जा सके।