बिहार मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय ! नीतीश से मुलाकात कर अमित शाह से मिलने दिल्ली जा रहे सीएम सम्राट चौधरी, जानिए कौन बनेंगे मंत्रियों

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात करने शनिवार शाम पटना से रवाना होंगे. वहां से लौटने के बाद बिहार में नए मंत्रियों के शपथ को लेकर अंतिम घोषणा की जाएगी.

Samrat Chaudhary will met Amit Shah
Samrat Chaudhary will met Amit Shah- फोटो : news4nation

Bihar cabinet expansion बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार शाम 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस दौरे को राज्य की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम दौर की चर्चा होने की संभावना है। दिल्ली में मुख्यमंत्री की मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हो सकती है। इसके अलावा वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मिलेंगे। वहीं, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि एनडीए घटकों के बीच समन्वय और सीट बंटवारे के साथ-साथ मंत्री पदों को लेकर गंभीर मंथन होगा।


इसके पहले शनिवार सुबह सम्राट चौधरी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास जाकर मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार से हुई सीएम सम्राट की मुलाकात को भी मंत्रिमंडल विस्तार के पहले अहम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच अगले मंत्रिमंडल की रुपरेखा को लेकर चर्चा हुई और जिसे अब दिल्ली में अमित शाह के सामने फाइनल किया जा सकता है। 


15 को सीएम बने थे सम्राट 

गौरतलब है कि 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ विजय चौधरी और विजेंद्र यादव को उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। फिलहाल राज्य मंत्रिमंडल सीमित दायरे में काम कर रहा है और विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज है।


4 मई के बाद मंत्रिमंडल विस्तार 

सूत्रों के मुताबिक, आगामी 4 मई को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद बिहार में कैबिनेट विस्तार किया जा सकता है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी दिल्ली गए थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा नितिन नवीन से मुलाकात की थी। हालांकि उस समय अमित शाह पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्त थे, जिसके चलते उनसे चर्चा नहीं हो सकी थी।


ऐसे होगा नया मंत्रिमंडल 

अब इस संभावित मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि नए मंत्रिमंडल में भाजपा और जदयू के लगभग 16-16 मंत्री हो सकते हैं। वहीं, लोजपा से 2 और हम तथा रालोमो से एक-एक मंत्री को जगह मिलने की संभावना है। इस बैठक के बाद मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लग सकती है।