भोजपुर में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में तब्दील:सांप के डसने से छोटी बहन की मौत,बड़ी बहन जिंदगी की जंग लड़ रही

भोजपुर के करनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदत्तही गांव में सांप के काटने से 22 वर्षीय खुशबू की मौत हो गई, जबकि रक्षाबंधन पर मायके आई उसकी बड़ी बहन कांती देवी गंभीर है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

Bhojpuri snake bite incident ramdattahi
भोजपुर में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में तब्दील- फोटो : Reporter

रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मायके आई बहन के लिए खुशियों का माहौल कुछ ही घंटों में गहरे मातम में बदल गया। भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदत्तही गांव में शनिवार की रात घर में सो रही दो सगी बहनों को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 22 वर्षीय छोटी बहन खुशबू कुमारी ने दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी बड़ी बहन कांती देवी (30 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज निजी अस्पताल में जारी है।


मायके आई बड़ी बहन के साथ एक ही चौकी पर सोई थी खुशबू

मृतका के छोटे भाई अभिषेक ठाकुर ने बताया कि बक्सर जिले के गंगौली गांव निवासी रितेश ठाकुर की पत्नी कांती देवी रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को ही मायके रामदत्तही आई थी। शनिवार की रात दोनों बहनें घर के कमरे में एक ही चौकी पर सोई हुई थीं, तभी अचानक जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। परिजनों की नींद तब खुली जब उन्होंने सांप को वहां से भागते देखा, जिसके बाद घर में हड़कंप मच गया।

पांच बहनों में चौथे स्थान पर थी मृतका, परिवार में मचा कोहराम

मृतक खुशबू कुमारी अपने सात भाई-बहनों (पांच बहनें और दो भाई) में चौथे स्थान पर थी। परिवार में मां परमलावती देवी, बहनें, और भाइयों का इस हृदयविदारक घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के दिन घटी इस दर्दनाक घटना से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे रामदत्तही गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल व्याप्त हो गया है।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय करनामेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए युवती के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है, जबकि ग्रामीण और परिजन बड़ी बहन के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट