B.Tech में नामांकन लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर, BCECE ने जारी किया परीक्षा का डेट, जानिए पूरा डिटेल
Bihar : बिहार के इंजिनियरिंग कॉलेजों में बी.टेक में नामांकन के लिए बीसीईसी द्वारा ली जाने वाली प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का डेट जारी कर दिया गया है। अगले माह मई में परीक्षा आयोजित होगी....
Patna : इंजिनियरिंग की पढ़ाई के लिए नामांकन लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा ने परीक्षा की तिथि को जारी कर दिया है। बीसीईसी परीक्षा-2026 आगामी 30 मई और 31 मई को आयोजित की जाएगी। 30 मई को यह परीक्षा चार पालियों में और 31 मई को एक पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बीते 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और यह 5 मई 2026 तक चलेगा। पंजीकृत उम्मीदवार द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने के बाद 6 मई तक भुगतान किया जा सकता है। आवेदन पत्र में 7 मई से 8 मई तक किसी तरह का सुधार किया जा सकता है। वहीं, 22 मई को बीसीईसी परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने 14 अप्रैल 2026 को जारी अपने विज्ञापन के द्वारा इस परीक्षा में शामिल होने और चयन के बाद नामांकन के लिए इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किया है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा ली जाने वाली इस परीक्षा के आधार पर ही विभिन्न डिग्री कोर्सों के प्रथम वर्ष में नामांकन लिए जाएंगे।
राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों में संचालित बीटेक कोर्स चलाने वाले संस्थानों में होने वाले बीटेक कोर्स के प्रथम वर्ष में नामांकन के लिए जेईई (मुख्य) परीक्षा में सम्मिलित उम्मीदवारों के दो राउंड की ऑनलाइन काउंसिलिंग के बाद रिक्त सीटों को बीसीईसी परीक्षा 2026 के सफल उम्मीदवारों से भरा जाएगा।
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार पर्षद की वेबसाइट: bceceboard.bihar.gov.in पर जाकर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यहां से परीक्षा की विवरण पुस्तिका (प्रॉस्पेक्टस) भी डाउनलोड की जा सकती है।
वंदना की रिपोर्ट