बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी: टीम 'सी' बनी चैंपियन, फाइनल मुकाबले में टीम 'डी' को 55 रनों से हराया

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी (सत्र 2025-26) के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम 'सी' ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है...

बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी: टीम 'सी' बनी चैंपियन, फाइनल
बीसीए महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी की चैंपियन बनी टीम 'सी' - फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : पटना स्थित कैब (CAB) ग्राउंड में खेले गए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी (सत्र 2025-26) के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम 'सी' ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। खिताबी भिड़ंत में बीसीए महिला अंडर-15 टीम 'सी' ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम 'डी' को 55 रनों से शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस खिताबी जीत के बाद टीम 'सी' के खेमे में जश्न का माहौल है।


कप्तान तेजस्वनी और सौम्या के अर्धशतकों से खड़ा हुआ विशाल स्कोर

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बीसीए महिला अंडर-15 टीम 'सी' की शुरुआत दमदार रही। टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 247 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम 'सी' की ओर से कप्तान तेजस्वनी ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 61 गेंदों में 17 चौकों की मदद से धुंधार 89 रन बनाए। वहीं, दूसरी छोर पर सौम्या वर्मा ने भी सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 71 गेंदों में 53 रनों की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली।

टीम 'डी' की तरफ से गेंदबाजी में साक्षी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आराध्या को 2 सफलताएं मिलीं। इसके अलावा कप्तान स्वीटी, वर्षा और सुमेश चौधरी ने एक-एक विकेट हासिल किया।


सुमेश चौधरी का अर्धशतक बेकार, 192 रनों पर सिमटी टीम 'डी'

चुनौतीपूर्ण 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए महिला अंडर-15 टीम 'डी' निर्धारित 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी। टीम 'डी' के लिए सुमेश चौधरी ने 54 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 64 रनों की प्रखर पारी खेली, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। उनके अलावा निशु निशांत ने नाबाद 20 रन और नयना गुप्ता ने 15 रनों का योगदान दिया।

टीम 'सी' के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की, जिसमें आरिका श्री ने 6 ओवर में 37 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए। सिद्धि कुमारी ने 5 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान तेजस्वनी, सोनम और रीमा को एक-एक विकेट मिला।


बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन और सचिव जिआउल अरफीन ने दी बधाई

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन जी ने विजेता टीम 'सी' को चैंपियन बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सूबे में महिला क्रिकेट के भीतर युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार निखर रहा है और बीसीए बेटियों को आगे बढ़ने के लिए हर मुमकिन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


वहीं, बीसीए के सचिव जिआउल अरफीन जी ने भी विजेता व उपविजेता टीम सहित टूर्नामेंट के सभी बाल खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जिससे आने वाले समय में बिहार महिला क्रिकेट को काफी मजबूती मिलेगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट