बांकीपुर का सियासी रण हुआ दिलचस्प: बीजेपी के अब आरएलजेपी ने अपने प्रत्याशी के नाम का किया एलान, इन्हे थमाया सिंबल

पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। बीजेपी, राजद और जनसुराज के बाद अब आरएलजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है...

बांकीपुर का सियासी रण हुआ दिलचस्प: बीजेपी के अब आरएलजेपी ने
बांकीपुर का सियासी रण हुआ दिलचस्प- फोटो : रोहित

Patna : पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी सातवें आसमान पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जन सुराज के बाद अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने भी इस चुनावी रण में अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक एलान कर दिया है। बांकीपुर से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे युवा नेता तनवीर आलम को आरएलजेपी ने अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। सिंबल मिलने के साथ ही तनवीर आलम अब नामांकन प्रक्रिया की ओर कदम बढ़ा चुके हैं।


कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस पासवान ने सौंपा पार्टी का सिंबल

मंगलवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान आरएलजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रिंस पासवान ने खुद तनवीर आलम को पार्टी का आधिकारिक चुनाव चिन्ह (सिंबल) सौंपा। इस मौके पर प्रिंस पासवान ने तनवीर आलम को बुके देकर सम्मानित किया और आगामी उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


जनता के विश्वास और विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

आरएलजेपी से आधिकारिक सिंबल प्राप्त करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रत्याशी तनवीर आलम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस और कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस पासवान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे बांकीपुर की महान जनता के बीच विश्वास, क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और सच्ची जनसेवा के मुद्दों को लेकर उतर रहे हैं। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि बांकीपुर की प्रबुद्ध जनता इस बार बदलाव के लिए उन्हें अपना पूरा आशीर्वाद और समर्थन देगी।


सक्रिय और सामाजिक चेहरे पर पारस गुट ने खेला दांव

इस दौरान आरएलजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि तनवीर आलम क्षेत्र में एक बेहद सक्रिय, सामाजिक और जनसेवी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। उनके चुनावी मैदान में उतरने से बांकीपुर की पारंपरिक और जमीनी राजनीति में एक नया और सकारात्मक संदेश जाएगा। सिंबल मिलने के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और सभी ने एकजुट होकर आज से ही चुनाव अभियान और जनसंपर्क में जुटने का संकल्प लिया है।


बांकीपुर में त्रिकोणीय और कड़े मुकाबले के आसार

बीजेपी के नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस पारंपरिक सीट पर मुकाबला अब बेहद त्रिकोणीय और दिलचस्प हो चुका है। जहां एक तरफ भाजपा ने अपने पुराने कैडर वोट को सहेजने के लिए अभिषेक कुमार को उतारा है, वहीं प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी इस सीट पर पूरे दमखम से लड़ रही है। अब पशुपति पारस की आरएलजेपी द्वारा तनवीर आलम को सिंबल दिए जाने के बाद बांकीपुर का चुनावी समीकरण पूरी तरह गरमा गया है।


रोहित की रिपोर्ट