बांकीपुर उपचुनाव: एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे चिराग पासवान, तीन प्रमुख स्थलों पर करेंगे जनसभाएं
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एनडीए समर्थित भाजपा के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार मैदान में उतरेंगे....
Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार मैदान में उतरेंगे। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान बांकीपुर क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित कर एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए जनता से सीधा संवाद करेंगे।
तीन स्थानों पर जनसभाओं को करेंगे संबोधित
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चिराग पासवान के प्रचार कार्यक्रम का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर लिया गया है। वे चुनाव प्रचार के दौरान बांकीपुर के तीन प्रमुख इलाकों में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे:
- लोहानीपुर
- बेला चांदपुर
- दुजरा
पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, जनसंपर्क अभियान तेज
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बांकीपुर में चुनावी मैदान में उतरने की खबर से पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोजपा (आर) के कार्यकर्ता एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बांकीपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर गहन जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
प्रदेश प्रवक्ता ने दी आधिकारिक जानकारी
इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता निशांत मिश्रा उर्फ निश्चय ने बताया कि पार्टी एनडीए की एकजुटता और प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की इन तीनों जनसभाओं के जरिए क्षेत्र के मतदाताओं को साधने और एनडीए के पक्ष में माहौल को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट