बांकीपुर उपचुनाव : बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन, जनता से की यह भावुक अपील

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के मुख्य चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। वही इस दौरान उन्होंने बांकीपुर की जनता से भावुक अपील की....

बांकीपुर उपचुनाव : बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चु
बांकीपुर की जनता से नितिन नवीन की भावुक अपील- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए पार्टी के मुख्य चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस नवउद्घाटित कार्यालय से चुनाव से जुड़े सभी महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्यों, जनसंपर्क अभियानों और रणनीतिक बैठकों का संचालन व संपादन सुचारू रूप से किया जाएगा। 


रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा: पिछले सभी रिकॉर्ड टूटेंगे

उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जीत को लेकर मजबूत विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर हमेशा से भारतीय जनता पार्टी का एक मजबूत गढ़ रहा है और इस उपचुनाव में पार्टी अपनी पिछली जीत के सभी रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। 


जमीनी कार्यकर्ता को मिला सम्मान: मंडल अध्यक्ष को बनाया प्रत्याशी 

नितिन नवीन ने सांगठनिक मजबूती का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है, जो अपने जमीनी और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने सबसे मजबूत अंग यानी मण्डल अध्यक्ष नीरज सिन्हा को इस महत्वपूर्ण उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। एक साधारण मंडल अध्यक्ष को उम्मीदवार बनाना यह साबित करता है कि बीजेपी में मेहनत और निष्ठा को सर्वोपरि स्थान दिया जाता है।


बांकीपुर की जनता से भावुक अपील: जैसे मुझे प्यार दिया, वैसे ही नीरज को दें 

बांकीपुर की जनता के साथ अपने पारिवारिक और पुराने रिश्तों को याद करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भावुक अपील की। उन्होंने कहा, "बांकीपुर की जनता ने मुझे हमेशा असीम प्यार, स्नेह और आशीर्वाद दिया है। अब बीजेपी के मंडल अध्यक्ष को बांकीपुर की सेवा करने का मौका मिला है।" उन्होंने जनता से आग्रह किया कि जिस प्रकार उन्होंने हमेशा उन पर अपना भरोसा बनाए रखा, ठीक उसी तरह उनके छोटे भाई समान प्रत्याशी नीरज सिन्हा को भी अपना पूरा समर्थन और स्नेह दें। 


विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी बीजेपी 

अपने कार्यकाल के दौरान बांकीपुर क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक बदलावों का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि एनडीए (NDA) सरकार के नेतृत्व में इस क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है। चमचमाती सड़कों से लेकर निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे तक, तमाम महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए गए हैं। पार्टी विकास के इन्हीं ठोस मुद्दों और सुशासन के ट्रैक रिकॉर्ड को लेकर मतदाताओं के बीच जाएगी और भारी जनसमर्थन के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

नरोत्तम की रिपोर्ट