बांकीपुर उपचुनाव: निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की प्रशासन की पूरी तैयारी, चलंत मतदान केंद्रों की भी की गई है व्यवस्था

बांकीपुर उपचुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पटना जिला प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। आज गुरुवार को पटना डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रुप से चुनावी तैयारी का पूरा ब्यौरा मीडिया के साथ साझा किया....

बांकीपुर उपचुनाव: निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की प्रशासन की
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशासन की पूरी तैयारी- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना के 182-बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने अपनी कमर कस ली है। पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस (PC) आयोजित कर चुनावी तैयारियों का पूरा ब्योरा साझा किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने दावा किया है कि क्षेत्र में निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम मुकम्मल कर लिए गए हैं।


पौने चार लाख से अधिक मतदाता करेंगे फैसला

इस बार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की संख्या 2,00,060 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1,79,533 है। इनके अलावा लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना योगदान देने के लिए 23 थर्ड जेंडर (तीसरे लिंग) के मतदाता भी सूची में शामिल हैं।


सरकारी और निजी भवनों में बने बूथ, चलंत मतदान केंद्रों की भी की गई है व्यवस्था 

मतदान को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) स्थापित किए गए हैं। इनमें से 247 मतदान केंद्र सरकारी भवनों में और 175 मतदान केंद्र निजी भवनों में बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, दूर-दराज या विशेष परिस्थितियों वाले क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से 29 चलंत (मोबाइल) मतदान केंद्र भी तैयार किए गए हैं ताकि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।


जांच के बाद मैदान में बचे 25 प्रत्याशी, नामांकन वापसी के बाद स्थिति हुई साफ

चुनाव में दावेदारी की बात करें तो नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 40 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया था। संवीक्षा (जांच) के बाद इनमें से 26 नामांकन पत्रों को वैध पाया गया। इसके बाद एक उम्मीदवार द्वारा अपना नाम वापस लिए जाने के कारण अब कुल 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं। निष्पक्षता के लिए मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी, साथ ही सुरक्षा कारणों से केंद्र पर मोबाइल जमा करने की सुविधा होगी। मतदाताओं की पहचान के लिए आयोग द्वारा निर्धारित 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र भी मान्य होंगे।


एएन कॉलेज में होगी वोटों की गिनती 

शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस लगातार सघन छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही है। एसएसपी के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में 2 अवैध हथियार, 16 कारतूस, ₹2,78.500 की नकदी और 2,652 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। चुनाव संपन्न होने के बाद मतपेटियों और ईवीएम को सुरक्षित रखा जाएगा तथा मतगणना (काउंटिंग) पटना के प्रसिद्ध एएन कॉलेज (A.N. College) के कला भवन में आयोजित की जाएगी।


अनिल की रिपोर्ट