Bihar News : भूमि विकास बैंक में बाबू वीर कुँवर सिंह विजयोत्सव का हुआ आयोजन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया प्रतिमा पर माल्यार्पण
Bihar News :
PATNA : बहुराज्यीय सहकारी भूमि विकास बैंक सीमित, बुद्ध मार्ग के परिसर में गुरुवार को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा "बाबू वीर कुँवर सिंह" का विजयोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस गौरवशाली अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने बाबू वीर कुँवर सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके अदम्य साहस व राष्ट्रभक्ति को याद किया।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
विजयोत्सव समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसमें बिस्कोमान के अध्यक्ष विशाल सिंह, को-ऑपरेटिव फेडरेशन के अध्यक्ष विनय कुमार शाही और अनुसूचित जाति सहकारिता विकास निगम के अध्यक्ष अजय कुमार प्रमुख रूप से शामिल हुए। बैंक के प्रशासनिक भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह की अध्यक्षता भूमि विकास बैंक की अध्यक्ष ममता सिंह ने की, जिनके कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संपादन हुआ।
सहकारी क्षेत्र के बड़े नेताओं का हुआ जुटान
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सहकारी आवास बोर्ड/संघ, नई दिल्ली के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस दौरान बैंक के निदेशक मंडल के सदस्यों, जिनमें संजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, राजेश कुमार सिंह, भरत भूषण सिंह, त्रिवेणी सिंह और शंभू प्रसाद सिंह शामिल थे, ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैंक के प्रतिनिधियों और प्रबंध निदेशक कौशलेंद्र सिंह सहित तकनीकी व सांख्यिकी पदाधिकारियों ने भी वीर कुँवर सिंह को अपनी भावांजलि अर्पित की।
विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह
विजयोत्सव का उत्साह केवल पटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें अन्य जिलों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भागलपुर से विवेकानंद गुप्ता, बांका से निखिल बहादुर सिंह व ललन सिंह और जमुई से अरुण कुमार सिंह उर्फ चुन्ना सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा भागलपुर और बांका जिले के बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ताओं ने भी इस विजयोत्सव समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को भव्य बनाया।
वीरता और सहकारिता का संगम
बैंक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल स्वाधीनता सेनानी के बलिदान को याद किया, बल्कि सहकारी क्षेत्र के विभिन्न निकायों के बीच एकजुटता का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी कर्मियों और पदाधिकारियों ने बाबू वीर कुँवर सिंह के पदचिन्हों पर चलने और राज्य के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।
वंदना की रिपोर्ट