Ayushman Bharat:आयुष्मान का दायरा बढ़ाने की तैयारी, अस्पतालों की उखड़ीं सांसों के हवाले सरकार ने थमा दिए 112 इलाज के पैकेज, बदहाल हॉस्पीटल के भरोसे कैसे होगा मरीजों का इलाज
Ayushman Bharat Scheme: केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाकर सरकारी अस्पतालों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है।...
Ayushman Bharat Scheme: केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाकर सरकारी अस्पतालों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है। प्रस्ताव है कि सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित इलाज के पैकेज की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 कर दी जाए। यानी अब तक जिन उपचारों के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था, उनमें से कई सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराने की मंशा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बदलाव पर राज्यों से सुझाव मांगे थे। 25 नवंबर तक प्राप्त सुझावों पर मंथन चल रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था एक दिसंबर 2026 से लागू करने की तैयारी है।
मगर इस फैसले के सामने सबसे बड़ा सवाल सरकारी अस्पतालों की बदहाल तस्वीर है। मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है, लेकिन अस्पतालों में डॉक्टर, बिस्तर, जांच मशीनें और जरूरी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में इलाज के पैकेज बढ़ाने का फैसला कहीं सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ न बन जाए।
स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों के स्व-मूल्यांकन में 46 फीसदी संस्थान निर्धारित स्वास्थ्य मानकों पर खरे नहीं उतर पाए। हालांकि बाद के मूल्यांकन में 64 फीसदी अस्पतालों के 50 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने का दावा किया गया। इसके बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी चिंता बढ़ाती है।
सबसे गंभीर स्थिति क्रिटिकल केयर की है। जिला अस्पतालों में स्वीकृत 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉकों में महज छह का निर्माण पूरा हुआ है। गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू की कमी पहले से है। दूसरी तरफ हृदय, सांस और किडनी संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी भी बड़ी चुनौती है। कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कैंसर और किडनी रोगों के इलाज के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक चाहिए, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बड़ी संख्या में कर्मचारी संविदा पर काम कर रहे हैं। विशेषज्ञों की उपलब्धता जरूरत के मुकाबले बेहद कम है।
बिस्तरों का संकट भी कम नहीं है। प्रति हजार आबादी पर एक बिस्तर का मानक पूरा नहीं हो सका है। नतीजतन जिला अस्पतालों से मरीजों को मेडिकल कॉलेजों और बड़े संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। इससे पहले से दबाव झेल रहे अस्पतालों की मुश्किल और बढ़ेगी।
आयुष्मान योजना के 30,072 सूचीबद्ध अस्पतालों में लगभग 48 फीसदी निजी क्षेत्र के हैं। सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाओं की कमी के बीच नए पैकेज लागू होने पर निजी अस्पतालों में इलाज की उपलब्धता और भुगतान को लेकर भी सवाल उठेंगे।
योजना का विस्तार मरीजों के हित में अहम कदम हो सकता है, लेकिन केवल पैकेज बढ़ाने से बेहतर इलाज सुनिश्चित नहीं होगा। इसके लिए अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति, बिस्तरों की व्यवस्था और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है।