23 मार्च को जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह, मोकामा में होगा 50 किलोमीटर का रोडशो, छोटे सरकार की बड़ी तैयारी
30 अक्टूबर 2025 को दुलारचंद हत्याकांड के बाद 1 नवंबर 2025 को गिरफ्तार हुए थे जिन्हें पिछले दिनों पटना हाई कोर्ट से जमानत मिली.
Anant Singh : मोकामा के विधायक अनंत सिंह सोमवार को जेल से बाहर आएंगे. दुलारचंद हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे सोमवार को जेल से बाहर आएंगे और सीधे अपने पटना स्थित विधायक आवास जाएंगे. वहीं मंगलवार, 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करते करेंगे. इस दौरान वे बाढ़ से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक वाया मोकामा सड़क मार्ग से जाएंगे. 30 अक्टूबर 2025 को दुलारचंद हत्याकांड के बाद 1 नवंबर 2025 को पटना एसएसपी ने बाढ़ के लदमा स्थित विधायक आवास से अनंत सिंह को अरेस्ट किया था। लगभग 4 महीने बाद अनंत सिंह को बेल मिली है।
इस शर्त पर मिली जमानत
दरअसल, जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के बाद शर्तों के साथ जमानत दी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि अनंत सिंह केस के सूचक या गवाहों को प्रभावित या धमकाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तत्काल रद्द की जा सकती है। साथ ही, सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित रहना भी अनिवार्य होगा। इसके पहले अनंत सिंह ने 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान कहा था कि वो जल्द ही जेल से बाहर आएंगे।
दुलारचंद हत्याकांड
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर 2025 को पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी। इस मामले में अनंत सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भदौर थाना में केस दर्ज किया गया था। घटना के समय जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। चुनाव से पहले ही गिरफ्तारी के बावजूद अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए मोकामा सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने राजद उम्मीदवार वीणा देवी को बड़े अंतर से हराया था।
कैसे मिली जमानत
अनंत सिंह पर आरोप था कि उन्होंने दुलारचंद यादव के बाएं पैर की ऐड़ी में खुद गोली मारी थी। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण में लाठी से मारना और गाड़ी से कुचलने का जिक्र है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर कई जगह गहरे घाव और खून जमने के निशान मिले। फेफड़े (लंग्स) फटे हुए मिले, जिससे अधिक मात्रा में इंटरनल ब्लीडिंग हुई है। छाती की कई पसलियां टूटी हुई पाई गईं। ऐसे में एड़ी में गोली लगने से मौत होने का मामला नहीं बनता है। इतना ही नहीं पुलिसवालों के बयान में भी अनंत सिंह के घटनास्थल पर मौजूदगी को लेकर कोई दावा नहीं किया गया।
रविशंकर की रिपोर्ट