स्व. विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर जुटेंगे देश-विदेश के पहलवान, विधायक अनंत सिंह ने संभाली कमान
मोकामा विधायक अनंत सिंह के गांव नदवां में 3 अप्रैल को स्व. विवेका पहलवान की याद में अंतर्राष्ट्रीय महादंगल होगा। भारी भीड़ को देखते हुए एसडीपीओ रामकृष्ण ने सुरक्षा बढ़ाई।
Patna - : बिहार केसरी स्वर्गीय विवेका पहलवान की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (लदमा) में एक ऐतिहासिक 'अंतर्राष्ट्रीय विराट कुश्ती महादंगल' का आयोजन होने जा रहा है। 3 अप्रैल को होने वाले इस विशाल आयोजन को लेकर पिछले 10 दिनों से युद्ध स्तर पर तैयारियाँ चल रही हैं। इस महादंगल में न केवल भारत के विभिन्न राज्यों से बल्कि विदेशों से भी नामी पहलवान अपनी कला का प्रदर्शन करने पहुँच रहे हैं।
लाखों की भीड़ जुटने की संभावना, अनंत सिंह खुद कर रहे निगरानी
विधायक अनंत सिंह ने अपने भाई स्वर्गीय विवेका पहलवान की याद में इस दंगल को भव्य बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। आयोजन स्थल पर विशाल अखाड़ा और दर्शकों के बैठने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को देखने के लिए बिहार और पड़ोसी राज्यों से लाखों की संख्या में खेल प्रेमी जुटेंगे। विधायक अनंत सिंह ने खुद तैयारियों का जायजा लिया है और मेहमानों के स्वागत के लिए नदवां पूरी तरह तैयार है।
पुलिस प्रशासन अलर्ट: नालंदा की घटना से लिया सबक
इतनी भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए बाढ़ अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह चौकस है। हाल ही में नालंदा में हुई भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बाढ़ एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि लदमा में होने वाले इस महादंगल और साथ ही बाबा चौहरमल महोत्सव को लेकर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर एसडीपीओ का बयान
बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण ने तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि 3 अप्रैल को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और वॉलिंटियर्स की तैनाती की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस सक्रिय रहेगी ताकि आने वाले दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Report - Ravi shankar