अनंत सिंह को झटका ! श्याम रजक का ऐलान- पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के समर्थन में पूरा NDA

श्याम रजक ने कहा कि पूरा जेडीयू नीरज कुमार के साथ मजबूती से खड़ा है और पूरा NDA उन्हें चुनाव जिताने के लिए काम करेगा। उनका यह ऐलान मोकामा के MLA अनंत सिंह के लिए झटका की तरह है जो नीरज के विरोध में लगातार बयान दे रहे हैं.

Neeraj Kumar vs Anant Singh
Neeraj Kumar vs Anant Singh- फोटो : news4nation

Bihar News : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर बिहार की सियासत में सरगर्मी बढ़ गई है। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के समर्थन में पार्टी ने पटना के फुलवारीशरीफ और पुनपुन विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव और फुलवारीशरीफ विधायक श्याम रजक के आवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्याम रजक ने कहा कि पूरा जेडीयू नीरज कुमार के साथ मजबूती से खड़ा है और पूरा NDA उन्हें चुनाव जिताने के लिए काम करेगा।


नीरज कुमार जेडीयू से तीन बार के एमएलसी हैं और इस बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार के विरोध का ऐलान कर रखा है और उनके मुकाबले अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लगातार जुबानी जंग भी चल रही है। ऐसे में श्याम रजक का नीरज कुमार के समर्थन में खुलकर सामने आना अनंत सिंह के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।


NDA नीरज के साथ

श्याम रजक ने कहा कि किसी नेता की व्यक्तिगत राय अलग हो सकती है, लेकिन पटना स्नातक चुनाव में पूरा NDA नीरज कुमार को जिताने के लिए एकजुट होकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि जेडीयू का पूरा संगठन नीरज कुमार के साथ खड़ा है। बैठक में फुलवारीशरीफ और पुनपुन विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ NDA के घटक दलों से जुड़े स्थानीय स्तर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।


 संगठन और उपलब्धियों के दम पर चुनाव

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज कुमार ने कहा कि श्याम रजक के आवास पर फुलवारीशरीफ और पुनपुन विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई थी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर NDA के घटक दलों के जिला और प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। 


नीरज कुमार ने कहा कि NDA का संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और गठबंधन अपनी उपलब्धियों के आधार पर एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए मैदान में है। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्य, कर्म और नेतृत्व से मिले संस्कारों के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं। नीरज कुमार ने दावा किया कि उन्हें NDA के सभी नेताओं का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के कार्यकर्ता संगठित तरीके से चुनाव मैदान में उतरेंगे।


अनंत सिंह से बढ़ी है सियासी टक्कर

पटना स्नातक चुनाव में नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह के खुलकर सामने आने के बाद मुकाबला राजनीतिक रूप से और चर्चा में आ गया है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार का विरोध करते हुए उनके मुकाबले अनुज सिंह के समर्थन की घोषणा की है। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी हो रही है। अब श्याम रजक के यह कहने कि ‘पूरा जेडीयू नीरज कुमार के साथ है और पूरा NDA उन्हें जिताएगा’, ने इस सियासी टकराव को एक नया मोड़ दे दिया है।