राष्ट्रीय लोक मोर्चा को मिला नया प्रदेश अध्यक्ष, आलोक सिंह की ताजपोशी, उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा ऐलान
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा संगठन विस्तार और आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ पूरे बिहार में संगठनात्मक चुनाव सफलतापूर्वक संचालित कर रही है।
RLM : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने बिहार में अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नए बिहार प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को आयोजित कार्यक्रम में आलोक सिंह को बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।
इसके साथ ही पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने के लिए प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तथा हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हुए संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के दौरान दोनों प्रत्याशियों ने मंच से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया था, जिसके बाद आलोक सिंह के नाम की घोषणा की गई।

इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा संगठन विस्तार और आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ पूरे बिहार में संगठनात्मक चुनाव सफलतापूर्वक संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, नैतिक राजनीति और संगठनात्मक पारदर्शिता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी सोच के तहत संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।

इसके पहले कुशवाहा ने संगठनात्मक चुनावों की जानकारी देते हुए बताया था कि अब तक बिहार के 32 जिलों में जिला अध्यक्षों का चुनाव पूरी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सदस्यता अभियान को भी व्यापक समर्थन मिला है और सदस्यता का आंकड़ा 22 लाख के पार पहुंच गया है, जो संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत है।

उन्होंने भरोसा जताया कि नई प्रदेश टीम के गठन से पार्टी को आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने में मजबूती मिलेगी और संगठन का विस्तार और तेजी से होगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नई जिम्मेदारियों की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नरोत्तम की रिपोर्ट