Air India Flight: राजकोट एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला! टेक-ऑफ के दौरान पक्षी से टकराई एयर इंडिया की फ्लाइट, 124 यात्री सुरक्षित
Air India Flight: राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट टेक-ऑफ के दौरान पक्षी से टकरा गई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी 124 यात्री सुरक्षित हैं।
Air India Flight: गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर (राजकोट इंटरनेशनल) एयरपोर्ट पर आज एक बड़ा विमान हादसा टल गया। राजकोट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट टेक-ऑफ के दौरान पक्षी से टकरा गई। पक्षी के टकराते ही पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और विमान को सुरक्षित तरीके से वापस एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करा दिया। इस फ्लाइट में 124 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही एयर इंडिया की यह फ्लाइट राजकोट एयरपोर्ट के रनवे से उड़ान भर रही थी, उसी समय एक पक्षी विमान के इंजन से टकरा गया। इस टक्कर के कारण विमान के इंजन को नुकसान पहुंचने की आशंका पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि पक्षी के टकराने से फ्लाइट के इंजन का प्रोपेलर (ब्लेड) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इंजन में तकनीकी खराबी की संभावना को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। इसके बाद विमान को वापस रनवे पर लाकर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।
DGCA की विशेष टीम करेगी स्क्रीनिंग
इस घटना के बाद उड्डयन नियामक भी सक्रिय हो गया है। प्रभावित विमान के इंजन की तकनीकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। विमान की पूरी मरम्मत होने के बाद डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की विशेष टीम इसकी गहन जांच और स्क्रीनिंग करेगी। DGCA के नियमों के अनुसार, ऐसी घटना के बाद विमान का पहले इंस्पेक्शन ट्रायल यानी टेस्ट रन किया जाता है। सभी सुरक्षा मानकों की जांच पूरी होने और विमान के सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उसे यात्रियों के साथ दोबारा उड़ान भरने की आधिकारिक अनुमति दी जाएगी।