AIM Congress 2026: दुबई में खुला बिहार पवेलियन, वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने उतरीं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह

बिहार ने वैश्विक निवेश के लिए अपनी पहुंच को सुदृढ़ करते हुए दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित Annual Investment Meeting (AIM) Congress 2026 में 'बिहार पवेलियन' की शुरुआत की है...

AIM Congress 2026: दुबई में खुला बिहार पवेलियन, वैश्विक निवे
दुबई में खुला बिहार पवेलियन- फोटो : रिपोर्टर

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार ने वैश्विक निवेश के लिए अपनी पहुंच को सुदृढ़ करते हुए दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित Annual Investment Meeting (AIM) Congress 2026 में 'बिहार पवेलियन' की शुरुआत की है। 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित हो रहे इस 15वें संस्करण में बिहार की भागीदारी का मुख्य उद्देश्य राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।


उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया पवेलियन का उद्घाटन बिहार सरकार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (IAS) और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बिहार पवेलियन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि AIM Congress के जरिए राज्य सरकार वैश्विक निवेशकों के साथ सार्थक साझेदारियां स्थापित करने और निवेशकों की रुचि को धरातल पर ठोस निवेश में बदलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर जोर 

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (IAS) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार के औद्योगिक परिदृश्य को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते औद्योगिक लैंड बैंक, प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर होती कनेक्टिविटी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे बिहार विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक व्यवसायों के स्वागत के लिए तैयार है।


नई औद्योगिक और तकनीकी नीतियों का प्रदर्शन 

बिहार पवेलियन में राज्य की आधुनिक नीतिगत पहलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। इनमें 'बिहार इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पैकेज 2025', 'बिहार सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2026', और 'बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2026' मुख्य आकर्षण हैं। इसके अलावा संशोधित टेक्सटाइल एंड लेदर पॉलिसी 2022, आईटी पॉलिसी और टूरिज्म पॉलिसी के जरिए विभिन्न क्षेत्रों की क्षमताओं को प्रस्तुत किया जा रहा है।


उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल कर रहा बिहार का प्रतिनिधित्व 

AIM Congress 2026 में बिहार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्वयं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह कर रही हैं। इस दल में उद्योग सचिव कुंदन कुमार, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता (IAS) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल वैश्विक उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं से सीधे संवाद कर बिहार में नए निवेश और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देने में जुटा है।

नरोत्तम की रिपोर्ट