बाढ़ में बच्चा चोर की अफवाह पर उग्र भीड़, निर्दोष अधेड़ की पिटाई, पुलिस की अफवाह फ़ैलाने वालों को चेतावनी

जांच के बाद पुलिस ने बताया कि कथित बच्चा चोर सिमरी बख्तियारपुर का रहने वाला नट समुदाय का व्यक्ति निकला है और उसके खिलाफ बच्चा चोरी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।

child-lifting in Barh
child-lifting in Barh- फोटो : news4nation

Bihar Nesws :  बाढ़ के उमानाथ इलाके में सोमवार को बच्चा चोर होने की अफवाह पर जमकर हंगामा हुआ। संदेह के आधार पर लोगों ने एक अधेड़ व्यक्ति को घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति उमानाथ क्षेत्र में घूमता दिखा। पूछताछ के दौरान उसने अपना पता पहले बख्तियारपुर और बाद में सिमरिया बताया। बयान में विरोधाभास के चलते लोगों को शक हुआ और भीड़ उग्र हो गई। इसी बीच एक युवक ने दावा किया कि वह व्यक्ति पुरानीबाढ़ मोहल्ले से एक बच्चे को लेकर जा रहा था। हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।


सूचना मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह व्यक्ति को भीड़ से छुड़ाकर अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। इस मामले में थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी की कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा, “यदि किसी बच्चे के चोरी होने की घटना होती, तो परिजन थाना में आवेदन देते। अब तक ऐसा कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पूरी तरह अफवाह प्रतीत होता है।”


जांच के बाद पुलिस ने बताया कि कथित बच्चा चोर सिमरी बख्तियारपुर का रहने वाला नट समुदाय का व्यक्ति निकला है और उसके खिलाफ बच्चा चोरी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी सबसे पहले थाना को दें, कानून अपने हाथ में न लें और अफवाहों पर भरोसा न करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


गौरतलब है कि हाल के दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बच्चा चोर की अफवाहों को लेकर भीड़ हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना सत्यापन फैलाई गई खबरें निर्दोष लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

रवि शंकर की रिपोर्ट