पटना के मिलर ग्राउंड में 2 से 4 सितंबर तक आयोजित होगा भव्य 'कृष्णोत्सव', बी प्राक और मुजतबा हुसैन होंगे मुख्य आकर्षण

पटना के मिलर ग्राउंड में 2 से 4 सितंबर तक आयोजित होगा भव्य '
पटना में 2 से 4 सितंबर तक आयोजित होगा भव्य 'कृष्णोत्सव- फोटो : वंदना

Patna : राजधानी पटना के वीर चंद पटेल पथ स्थित मिलर हाईस्कूल ग्राउंड में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय भव्य 'कृष्णोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक संस्था 'यशी' (Youth Alliance for Social Harmony & Environment) द्वारा पहली बार आयोजित किए जा रहे इस पावन महोत्सव की विस्तृत जानकारी संस्था के अध्यक्ष सायन कुणाल ने दी। इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संगीत और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना है।


पहले दिन शंखनाद, बांसुरी वादन और प्रिंस डांस ग्रुप की प्रस्तुति 

महोत्सव के पहले दिन 2 सितंबर (बुधवार) को राष्ट्रीय गान, राष्ट्रीय गीत और बिहार गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद विश्वविख्यात शंख एवं डमरू वादक डॉ. पंडित बिपिन कुमार मिश्रा द्वारा मंगलाचरण व शंखनाद किया जाएगा। इसके उपरांत अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बांसुरी वादक उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन व चाहत हुसैन की सुरीली प्रस्तुति, मशहूर प्रिंस डांस ग्रुप का सांस्कृतिक नृत्य और पार्श्व गायक सत्येंद्र संगीत द्वारा भक्ति जागरण प्रस्तुत किया जाएगा।


दूसरे दिन बिहार का पहला भजन क्लबिंग और बी प्राक का जलवा 

महोत्सव के दूसरे दिन 3 सितंबर (गुरुवार) को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का जीवंत मंचन होगा। इस दिन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पार्श्वगायक व संगीतकार बी प्राक की प्रस्तुति होगी। बी प्राक पहली बार बिहार में खास अंदाज में 'भजन क्लबिंग' की प्रस्तुति देकर युवाओं को भक्ति रस से सराबोर करेंगे। इसके साथ ही उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन और चाहत हुसैन की जुगलबंदी भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी।


ढाई लाख की इनामी राशि के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता 

तीसरे और अंतिम दिन 4 सितंबर (शुक्रवार) को युवाओं के लिए रोमांचक दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में चुने हुए 21-21 खिलाड़ियों की कुल 10 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें अलग-अलग फ्रेंचाइजी खरीदेंगी। विजेता टीम को ढाई लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को डेढ़ लाख रुपये और तीसरे स्थान की टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही मध्य रात्रि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा पारंपरिक बधाई व सोहर गायन किया जाएगा।


महाप्रसाद वितरण और आम जनता से सपरिवार शामिल होने की अपील 

महोत्सव के दौरान लाइव भांगड़ा और भक्ति DJ की धुनें भी लोगों को आनंदित करेंगी। कार्यक्रम का भव्य समापन श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं फलाहार वितरण के साथ होगा। संस्था के अध्यक्ष सायन कुणाल ने पटना और बिहार के सभी धर्मप्रेमियों, युवाओं तथा आम जनता से अपील की है कि वे सपरिवार इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन व विचारों से प्रेरणा लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।


वंदना की रिपोर्ट