Bihar News : ‘फ्लाइट से आए चोर, पुलिस ने बिछाया जाल’, बिहार के कुख्यात 'चादर गैंग' के 20 सदस्य इंदौर के होटल से हुए गिरफ्तार
Bihar News : उत्तराखंड पुलिस की मदद से इंदौर में चोर गिरफ्तार. फ्लाइट से चोरी करने गए थे......पढ़िए आगे
PATNA : उत्तराखंड और मध्य प्रदेश की पुलिस ने एक संयुक्त और फिल्मी अंदाज वाले ऑपरेशन में बिहार के कुख्यात 'चादर गैंग' के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। करीब 1025 किलोमीटर दूर नैनीताल से मिली एक सटीक सूचना के आधार पर इंदौर पुलिस ने एक होटल में दबिश दी और वारदात की साजिश रच रहे 20 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह बिहार से फ्लाइट पकड़कर इंदौर पहुंचा था और शहर में किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में था।
इस पूरे ऑपरेशन की कमान हल्द्वानी के एक सिपाही की मुखबिरी से शुरू हुई। नैनीताल पुलिस के एक विश्वसनीय मुखबिर ने, जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है, एसओजी (SOG) में तैनात रहे एक सिपाही को सूचना दी कि बदमाशों का एक बड़ा जत्था इंदौर के एक होटल में छिपा है। बिना समय गंवाए नैनीताल पुलिस ने इंदौर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया और गिरोह की सटीक लोकेशन साझा की, जिसके बाद घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों का ताल्लुक कुख्यात 'चादर गैंग' से है, जो अपनी अनोखी कार्यप्रणाली के लिए जाना जाता है। पुलिस के अनुसार, ये बदमाश जिस भी दुकान या शोरूम को निशाना बनाते हैं, उसे चारों तरफ से बड़ी चादरों से ढंक देते हैं। इससे बाहर से देखने वाले को अंदर हो रही हलचल या शटर कटने का आभास नहीं होता और बदमाश बड़ी सफाई से कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते हैं। इनकी गिरफ्तारी से इंदौर में होने वाली एक संभावित बड़ी चोरी टल गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का उत्तराखंड से पुराना और आपराधिक नाता रहा है। चार साल पहले हल्द्वानी में डीएम आवास के पास स्थित एक प्रसिद्ध मोबाइल शोरूम में करोड़ों की चोरी की वारदात को इसी गैंग ने अंजाम दिया था। इसके अलावा, नैनीताल के प्रसिद्ध नंदा देवी मेले के दौरान हुई सिलसिलेवार चेन स्नेचिंग की घटनाओं में भी इसी गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता पाई गई थी। स्थानीय पुलिस अब इनके पुराने मामलों की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
गिरफ्तार किए गए 20 आरोपी बिहार के मोतिहारी (चंपारण) और नेपाल के पटेर्वा, जीतपुरा और सुवेठिया जैसे इलाकों के रहने वाले हैं। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के स्थानीय संपर्कों और मददगारों की तलाश की जा रही है ताकि उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। इंदौर पुलिस ने इस सफल ऑपरेशन के लिए नैनीताल पुलिस के सतर्क सिपाही और उनके सटीक सूचना तंत्र की खुले दिल से प्रशंसा की है।